यूपीसीए के पिच क्यूरेटर शिव कुमार का निधन

उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ (यूपीसीए) पिच क्यूरेटर शिव कुमार का मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सरकारी नौकरी छोड़कर पिच क्यूरेटर बनने वाले शिवकुमार ग्रीन पार्क स्टेडियम में कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी के मुकाबले के लिए मंगलवार को मुख्य पिच तैयार कर थे, तभी दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अचानक गिर पड़े।
यूपीसीए के नोडल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव व मैदानकर्मी उन्हें लेकर नजदीक के अस्पताल पहुंचे, जहां से कार्डियोलाजी रेफर किया गया। वहां डाक्टरों ने उनके मृत होने की पुष्टि की। उनके निधन की सूचना से क्रिकेट जगत में शोक की लहर है।
संभाला था जिम्मा
ग्रीन पार्क और लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए टेस्ट, वनडे, टी-20, आईपीएल व बीसीसीआई के घरेलू मुकाबलों के लिए विकेट बनाने वाले शिव कुमार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के कंसल्टेंट क्यूरेटर भी थे। काली व लाल मिट्टी की पिच के जानकार शिव कुमार शहर में टर्फ विकेट बनाने वाले पहले क्यूरेटर थे।
बुधवार को होगा अंतिम संस्कार
उनका पार्थिव शरीर मंगलवार रात को बरेली के लक्ष्मी नगर संजय नगर बाईपास स्थित पैतृक आवास में ले जाया गया। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, इंडोनेशिया क्रिकेट, उप्र क्रिकेट एसोसिएशन, खेल विभाग के साथ कई क्रिकेटरों ने 59 वर्षीय शिव कुमार के निधन को प्रदेश क्रिकेट की बड़ी क्षति बताया।





