यूपी वॉरियर्स को हराकर एलिमिनेटर में पहुंची दिल्ली, गुजरात से होगा मुकाबला

यूपी वॉरियर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच महिला प्रीमियर लीग का आखिरी लीग स्टेज मुकाबला खेला गया। इस मुकाबले में दिल्ली की टीम ने 5 विकेट से जीत हासिल की और इसी के साथ एलिमिनेटर में जगह बना ली है। अब एलिमिनेटर में उनका मुकाबला गुजरात के खिलाफ होना है। तो वहीं टेबल टॉपर आरसीबी पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।

इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी यूपी की टीम के बल्लेबाजों ने निराशाजनक प्रदर्शन किया और पूरी टीम 122 रन ही बना सकी। 123 रनों के लक्ष्य को दिल्ली से आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबले में 5 विकेट से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही उन्होंने एलिमिनेटर में जगह बना ली है और अब गुजरात के खिलाफ मुकाबला खेलती हुई दिखाई देंगी।

यूपी वॉरियर्स की खराब बल्लेबाजी

यूपी के बल्लेबाजों ने इस मुकाबले में खराब प्रदर्शन किया। पूरी टीम 20 ओवरों में 122 रन ही बना सकी और दिल्ली को चेज करने के लिए एक छोटा सा लक्ष्य मिला। यूपी के लिए सबसे अधिक दीप्ति शर्मा ने 19 गेंदों पर 24 रनों की पारी खेली। उनके अलावा शिखा पांडे ने नाबाद 23 रनों की पारी खेली। यूपी की कोई खिलाड़ी बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और इसी वजह से वे 122 रन ही बना सके।

दिल्ली की ओर से दिग्गज हरफनमौला खिलाड़ी मारिजान कैप ने बेहतरीन गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में 30 रन खर्च करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए। उनके अलावा श्री चरणी ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में 22 रन खर्च करते हुए 2 विकेट चटकाए। इसी वजह से यूपी की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

दिल्ली कैपिटल्स की मुकाबले में जीत

इस मुकाबले में 123 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने 11 रनों के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया। हालांकि, स्टार बल्लेबाज लौरा वोल्वॉर्ट ने पारी को संभाला और उन्होंने 36 गेंदों पर 47 रनों की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने भी 18 गेंदों पर नाबाद 34 रन बनाए, जिसकी वजह से दिल्ली ने लक्ष्य को 18.4 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। अब उनका एलिमिनेटर मुकाबला 3 फरवरी को गुजरात के खिलाफ होने वाला है।

Back to top button