यूपी चुनाव:घोषणापत्र में बीजेपी करेगी सस्ते कर्ज, सबको घर का वादा

लखनऊ
मुफ्त के वादों के दौर में बीजेपी भी यूपी के लिए लुभावना घोषणापत्र लाने के लिए तैयार है। पार्टी शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी करेगी जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह खुद मौजूद रह सकते हैं। इसमें युवा, किसानों और महिलाओं को साधने पर जोर होगा।
यूपी में एसपी अपना मैनिफेस्टो पहले ही जारी कर चुकी है। इसमें लड़कियों के लिए मुफ्त साइकल, महिलाओं के लिए प्रेशर कुकर जैसे वादे किए गए हैं। बीएसपी सुप्रीमो मायावती भी सीधे अकाउंट में पैसे पहुंचाने का वादा कर चुकी हैं। ऐसे में बीजेपी का मैनिफेस्टो इन दोनों के वादों की काट ढूंढ़ता दिखेगा।
साईकिल को छोंड मुख्तार हुए हाथी पर सवार, भाई और बेटे को भी टिकट
किसानों को सस्ता कर्ज!
मैनिफेस्टो को तैयार करने के लिए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी की अगुवाई में समिति बनाई गई थी। इसमें मुख्य प्रवक्ता हृदयनारायण दीक्षित और राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थनाथ सिंह भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार समिति ने जो सिफारिशें की है उसमें किसानों के एक लाख से नीचे तक के कर्ज माफ करने, 2 फीसदी ब्याज पर कर्ज देने किसान आय आयोग बनाने जैसे वादे शामिल हैं। किसानों की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने जैसे प्रस्ताव भी हैं। वहीं केंद्र सरकार की ओर से दिए जाने वाले समर्थन मूल्य में सरकार बनाने पर यूपी में उसमें अलग से इंसेंटिव दिए जाने भी प्रस्ताव है। वेस्ट यूपी में गन्ना किसानों की बहुतायत देखते हुए गन्ना मूल्य बढ़ाने जैसे वादे भी होंगे। चयनित किसानों को निजी ट्यूबेल लगाने के लिए सरकार की ओर से शत-प्रतिशत सहायता दिए जाने का वादा भी किया जा सकता है।