यमुना नदी में मिला युवक का शव, परिजनों ने पुलिस पर लगाए हत्या के आरोप

पानीपत-शामली बॉर्डर पर यमुना नदी में एक युवक का शव मिला है। मृतक के परिजनों ने पानीपत के सनौली थाना पुलिस पर मारपीट कर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने कुरुक्षेत्र से लौट रहे दो भाइयों को पकड़ा था। जिनके साथ मारपीट की थी। इनमें से एक को परिजनों के हवाले कर दिया था जबकि एक भाई गायब हो गया, जिसका शव यमुना नदी में मिला है।
युवती ने दोनों भाइयों पर लगाया था छेड़खानी का आरोप
यूपी के शामली जिले के कांधला निवासी अजय और विजय दोनों भाई शादियों में काम करते थे। रविवार को वह कुरुक्षेत्र से काम कर वापस कांधला लौट रहे थे। दोनों ने पानीपत से शामली के लिए ऑटो पकड़ा था। इसी दौरान ऑटो में बैठी एक युवती ने उन पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया जिसके बाद सनौली थाने पर तैनात पुलिसकर्मी ने दोनों को ऑटो से उतार लिया। आरोप है कि पुलिस ने अजय को पकड़ लिया और विजय भाग गया।
विजय का यमुना नदी के पुल के नीचे मिला शव
सोमवार सुबह को विजय का शव यमुना नदी पुल के नीचे मिला जिसके बाद खलबली मच गई। परिजनों ने सनौली थाना पुलिस पर हत्या करने के आरोप लगे हैं। पुलिसकर्मियों के खिलाफ थाना सनौली में शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। थाना सनौली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक का शव यमुना नदी में मिला है। परिजनों ने शिकायत दी है। मामले में जांच की जा रही है।