यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती हुई बस में महिला यात्री के साथ दुष्कर्म,

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती हुई प्राइवेट डबल डेकर बस में एक महिला के साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप बस के हेल्पर पर है। पीड़ित महिला ने मथुरा जिले के थाना मांट में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी हेल्पर को हिरासत में लिया है। 

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद ने बताया कि शनिवार की सुबह डायल- 112 पर एक महिला द्वारा सूचना दी गई कि वो प्राइवेट डबल डेकर बस से लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। बस के हेल्पर ने उसके साथ गलत काम किया है।

सूचना मिलने के बाद मांट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। आरोपी हेल्पर को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी का नाम रवि है। वो बहराइच का रहने वाला है। पीड़ित महिला दिल्ली की रहने वाली है।

बस चालक के केबिन में बैठी थी महिला

महिला बस चालक के केबिन में बैठी थी। बस में करीब 40 यात्री सफर भी कर रहे थे। रात के वक्त हेल्पर ने घटना को अंजाम दिया। सुबह जब एक्सप्रेसवे के मांट टोल पर बस पहुंची तो महिला ने हेल्पर के साथ मारपीट कर दी।

इसके बाद चालक ने बस रोक दी। बस में सवार यात्री घटना से अनजान थे। जब महिला ने दुष्कर्म की बात कही तो यात्रियों के होश उड़ गए। एसपी देहात श्रीश चंद का कहना है कि जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button