मोतिहारी में गालीबाज महिला थानाध्यक्ष का वीडियो वायरल, फ्रेंडली पुलिसिंग पर उठे सवाल

मोतिहारी जिले से एक महिला थानाध्यक्ष का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष पीड़ित के घर जाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करती और मारपीट करती नजर आ रही हैं। मामला मोतिहारी के पचकनहिया बाजार स्थित पालनवा थाना क्षेत्र का है। आरोप है कि पालनवा थाने में पदस्थापित महिला थानाध्यक्ष सीता केवट ने एक जमीनी विवाद की जांच के दौरान पीड़ित अतीउल्लाह खान के साथ दुर्व्यवहार किया। पीड़ित ने मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित का आरोप
अतीउल्लाह खान के अनुसार कि उन्होंने अपना मकान किराए पर दिया हुआ है और एक जमीन विवाद में धारा 144 लागू होने के बावजूद उन्होंने एसडीपीओ रक्सौल के आदेश पर अपने खेत से गेहूं काट लिया। इसी बात से नाराज होकर महिला थानाध्यक्ष ने उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके दो पुत्रों को जबरन उठा ले गईं। पीड़ित पक्ष ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस घटना के सामने आने के बाद मोतिहारी पुलिस की ‘फ्रेंडली पुलिसिंग’ की छवि पर भी सवाल उठने लगे हैं। जहां एसपी स्वर्ण प्रभात लगातार जनता से सौहार्दपूर्ण व्यवहार और समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश देते हैं, वहीं अधीनस्थ महिला अधिकारी की यह हरकत विभागीय छवि पर धब्बा साबित हो रही है। इस संबंध में मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





