मेरा बच्चा बीमार है, मुझे ड्यूटी करने में दिक्कत हो रही है….

साहब, मेरा बच्चा बीमार है। मुझे ड्यूटी करने में दिक्कत हो रही है। प्लीज ड्यूटी कटवा दीजिए। सर, मुझे बैठने में दिक्कत होती है। मुझे चुनावी कार्य से मुक्त कर दीजिए। सर, मेरे पैर में समस्या है। मुझे ड्यूटी करने में दिक्कत है। यह दृश्य रविवार को शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में देखने को मिले। चुनाव ड्यूटी से मुक्त किए जाने की कुछ लोग गुहार करते दिखे। कुछेक गंभीर प्रकरण को छोड़कर ज्यादातर कर्मचारियों को ड्यूटी पर जाना ही पड़ा।

सोमवार को जिले के अधीन आने वाली कैसरगंज व गोंडा लोकसभा क्षेत्र में मतदान होगा। इसके लिए रविवार को शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज से पोलिग पार्टियों की रवानगी की गई। मैदान में लगे काउंटरों पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। वहीं चुनाव ड्यूटी कटाने के लिए लोग भटकते दिखाई पड़े। कोई सिफारिश करा रहा था तो कुछ अपनी समस्या लेकर अधिकारियों का चक्कर काट रहा था। बीएसए से लेकर सीडीओ व डीएम तक से गुहार लगा रहे थे। कई महिलाएं बच्चा साथ लेकर आई थीं, जो धूप के बीच इधर-उधर भटक रही थीं। दिव्यांगों को भी मतदान ड्यूटी में लगा दिया गया, वह भी परेशान दिखाई पड़े। चिलचिलाती धूप व लू के बीच कार्मिकों को पोलिगों पर भेजा गया। महिला कार्मिकों के सामने बच्चों की देखभाल बड़ी परेशानी थी। कुछ दिव्यांग और बीमार लोगों को भी चुनाव ड्यूटी के लिए जाते देखा गया। इस दौरान गोंडा-लखनऊ हाईवे पर घंटों तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

पानी के लिए रही मारामारी

कार्मिकों के लिए पानी के टैंकर लगाए गए थे। वहां गिलास आदि की व्यवस्था नहीं थी, जिससे लोग टोटी से ही पानी पीने को मजबूर थे। कीचड़ में खड़े टैंकर में पानी पीने में दिक्कत होती थी लेकिन, हलक सूखने पर कार्मिक उसी में पानी पी रहे थे।

पर्याप्त संख्या में तैनात रही पुलिस

शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस, पीएसी व होमगार्ड के जवान तैनात किए गए थे। कार्मिकों को ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था यहीं की गई थी। हालांकि कुछ वाहन आइटीआइ मैदान में खड़े किए गए थे। धूप में कार्मिकों के लिए वाहन में बैठना मुश्किल हो रहा था।

बंद रहे फोन

करीब 20 हजार लोगों के एक जगह एकत्र होने से नेटवर्क न मिलने की समस्या हो गई। फोन नहीं लग रहा था। कॉल ड्रॉप की भी समस्या थी। इससे पीठासीन व अन्य कार्मिकों को एक-दूसरे से संपर्क करने में भारी समस्या हुई।

Back to top button