मेघालय की कोयला खदान में धमाका, कई मजदूरों की मौत

मेघालय के ताशखाई इलाके में स्थित एक कोयला खदान में बड़ा धमाका हुआ है। इस हादसे में कम से कम 10 मजदूरों की मौत की खबर सामने आई है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
राहत व बचाव कार्य शुरू
आशंका जताई जा रही है कि मृतकों में शामिल सभी मजदूर असम के रहने वाले थे, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही मेघालय की पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है। खदान के अंदर फंसे अन्य मजदूरों की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
बचाव कार्य के दौरान किसी तरह की बाधा न हो, इसके लिए प्रशासन ने आसपास के इलाके को घेरकर सुरक्षा बढ़ा दी है। अधिकारियों ने कहा कि धमाका कैसे हुआ, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
कैसे हुआ धमाका?
शुरुआती तौर पर खदान में गैस रिसाव या तकनीकी खामी को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण का पता चल पाएगा।





