मुलाजिमों में अपने प्रति रोष कम करने में जुटे नवजोत

लुधियाना : लोकल बाडीज मंत्री नवजोत सिद्धू द्वारा बुलाई मीटिंग में आशाओं के उल्ट गर्म माहौल न होने से नगर निगम की बिल्डिंग ब्रांच के अफसरों ने भले ही राहत की सांस ली हो। लेकिन यह सिर्फ सिद्धू द्वारा मुलाजिमों में अपने प्रति रोष कम करने की कवायद का हिस्सा है क्योंकि जब से सिद्धू मंत्री बने हैं तब से उनके द्वारा मुलाजिमों को बदलने के अलावा सस्पैंड, चार्जशीट, रिवर्ट करने की मुहिम चला रखी है। उन्होंने पहले चरण में विकास कार्यों में धांधली के आरोप में इम्प्रुवमैंट ट्रस्ट व नगर निगमों की इंजीनियरिंग ब्रांच के कई अफसरों पर एक्शन किया है। 

मुलाजिमों में अपने प्रति रोष कम करने में जुटे नवजोत
अब अगली बारी बिल्डिंग ब्रांच की है, जिसमें फैले भ्रष्टाचार को लेकर सिद्धू कई बार बयान दे चुके हैं। लेकिन जिस तरह पहले हुए एक्शन को लेकर मुलाजिम खौफजदा हैं। उसके मद्देनजर सिद्धू पहले मीठे शब्दों में सुधरने की ताकीद देने का फैसला किया। उन्होंने साफ कहा कि अवैध निर्माणों को लेकर सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। जिसे लेकर मुलाजिमों को पहले अपने अंदर झांककर कमियां दूर करनी चाहिए कि समाज में उनकी क्या इज्जत है। 

सिद्धू को जानने वालों का कहना है कि उनके रूख में एकाएक बदलाव मुलाजिमों में बढ़ रहे रोष के मद्देनजर आया है। क्योंकि मुलाजिमों द्वारा सुनवाई का मौका न देने का हवाला देते हुए एक्शन का खुलेआम विरोध किया जा रहा है। उसका हल निकालने के लिए सिद्धू ने यह फार्मूला अपनाया है कि पहले मुलाजिमों को प्यार से समझाया जाए और अगर फिर भी सुधार न हो तो एक्शन करने का रास्ता तो है। उससे मुलाजिमों के पास धक्केशाही का बहाना नहीं रहेगा। 

Back to top button