मुंबई में दर्दनाक हादसा, कार और बस के बीच फंसकर बुजुर्ग महिला की मौत!

मुंबई में एक दुखद घटना में 75 वर्षीय नीता नितिन शाह की बस और कार के बीच फंसकर मौत हो गई। यह हादसा मालाबार हिल में हुआ जब वह योगा क्लास से लौट रही थीं। बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस ने उन्हें रौंद दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
बीते दिन मुंबई में एक 75 वर्षीय महिला की कार और बस के बीच में फंसकर मौत हो गई। महिला योगा क्लास से वापस लौट रही थी, तभी बेस्ट की इलेक्ट्रिक बस ने महिला को रौंद दिया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह घटना दक्षिणी मुंबई के मालाबार हिल की है। मंगलवार की सुबह लगभग 9:10 बजे महिला योगा क्लास से लौट रही थी। रास्ते में ही वो हादसे का शिकार हो गई।
कैसे हुआ हादसा?
महिला सरकारी सह्याद्री गेस्ट हाउस के पास पहुंची थी। तभी कमला नेहरू पार्क की तरफ जा रही मुंबई सेंट्रल डिपो की बस मौके पर पहुंची। बस को आता देखकर महिला कार के पास खड़ी हो गई। इसी दौरान बस ड्राइवर ने कार के इतने करीब से बस निकाली कि महिला कार और बस के बीच में पिस गई।
मृतक महिला की पहचान 75 वर्षीय नीता नितिन शाह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे से पहले नीता के पैर में बस के बाएं पहिए से टक्कर लगी और वो कार-बस के बीच में फंस गईं। स्थानीय लोगों ने नीता को जेजे अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
चीख सुनकर नीचे उतरा ड्राइवर
पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है। ड्राइवर का कहना है कि उसे महिला की मौजूदगी का बिल्कुल पता नहीं चला। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर उसने बस रोकी और नीचे उतरा तो देखा महिला बुरी तरह से घायल थी। हालांकि, अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।