मुंगेली में लूट और हत्या के प्रयास का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली जिले में लूट और हत्या के प्रयास मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से मोबाइल और सोने का लॉकेट जब्त किया गया है।

मुंगेली में लूट और हत्या के प्रयास के सनसनीखेज मामले में मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट और घटना से संबंधित मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

क्या है मामला?
ताम्रज सिंह (21 वर्ष) निवासी झाफल, थाना लोरमी, जिला मुंगेली ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दो मार्च वह रायपुर जाने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से निकला था। सुबह लगभग 4:15 बजे मुंगेली-लोरमी तिराहा के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि एक युवक ने उसका कॉलर पकड़कर गले में काली रस्सी में पहना हुआ ‘ऊं’ लिखा सोने का लॉकेट लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने पत्थर मारकर बाइक की हेडलाइट तोड़ दी, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी ने गला दबाकर जमीन पर गिरा दिया। वहीं एक अन्य आरोपी घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे रहा था। किसी तरह पीड़ित वहां से जान बचाकर भागा। मामले में थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

त्रिनयन एप से मिली सफलता
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा तैयार त्रिनयन एप्लिकेशन में दर्ज सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना स्थल के आसपास के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम आशीष शिवारे (29 वर्ष) निवासी केशवपुर, मुंगेली, यशवंत रावते (27 वर्ष) निवासी केशवपुर, देवेश सोनी (24 वर्ष) निवासी महामाई वार्ड, सोनारपारा शामिल हैं। आरोपी यशवंत रावते से एक मोबाइल फोन और देवेश सोनी से ‘ऊं’ लिखा सोने का लॉकेट जब्त किया गया है।

Back to top button