महिला ने एक बार फिर बच्चे का नाम बदलकर अब मुहम्मद अल्ताफ आलम मोदी रखा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत की खुशी में नवजात पुत्र का नाम रखने वाली मुस्लिम महिला ने एक बार फिर बदलाव किया है। उसने अब बेटे का नाम मुहम्मद अल्ताफ आलम मोदी रखे जाने की बात कही है। महिला का कहना है कि रिश्तेदारों के दबाव के चलते वह ऐसा कर रही है ।
वजीरगंज ब्लॉक के परसपुरमहड़ौर गांव की महिला मैनाज पत्नी मुश्ताक ने अपने नवजात बच्चे का नाम नरेंद्र दामोदर दास मोदी रखकर सबको चौंका दिया था। यह नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज किए जाने संबंधी एक शपथ पत्र भी दिया गया था, जिसमें बच्चे का जन्म मतगणना के दिन यानि 23 मई को दिखाया गया।
जन्म की तारीख को लेकर विवाद
बच्चे के जन्म की तारीख को लेकर भी विवाद है। सीएचसी वजीरगंज की डॉक्टर भावना का दावा है कि बच्चे का जन्म 12 मई को 12:59 बजे वजीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ था। डॉक्टर भावना 12 मई को ड्यूटी पर थीं, जब मेनाज बेगम हॉस्पिटल में भर्ती हुई थी। यह पूरी सच्चाई स्वास्थ्य केंद्र के अभिलेखों मे दर्ज है। लोकप्रियता के लिए 23 मई बताकर बच्चे का नाम नरेंद्र मोदी रखा। महिला अब समाज का डर बता रही है।
लोगों की बातों से परेशान होकर बदला नाम
मैनाज का कहना है कि उसे कुछ लोग परेशान कर रहे हैं, मैं नरेंद्र मोदी को अपना भाई मानती हूं। वह हिंदू-मुस्लिम में फर्क नहीं करते, इस कारण हमने अपने बच्चे का नाम उनके नाम पर रखा। इसमें हमने कुछ गलत नहीं किया। अब वह बच्चे का नाम बदलकर अल्ताफ आलम मोदी रखेगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की बातों से परेशान होकर वह ऐसा फैसला ले रही है ।





