‘मनफोडगंज की बिन्नी’ से प्रणति राय प्रकाश और बिन्नी बाजपेयी का क्या है कनेक्शन?
मुंबई: अभिनेत्री प्रणति राय प्रकाश वेब सीरीज ‘मनफोडगंज की बिन्नी’ में नजर आने वाली हैं, इस प्रोजेक्ट में प्रणति एक बार फिर अपनी अदायिकी से सभी को लुभाने वाली हैं। ‘मनफोडगंज की बिन्नी’ कहानी एक युवा लड़की की है जो पारंपरिक मूल्यों के साथ रहते हुए अपने सपनों को साकार करने का प्रयास करती है। प्रणति यानि बिन्नी एक छोटे शहर की लड़की की भूमिका में नजर आने वाली हैं, जो कि अपने बड़े-बड़े सपनों को साकार करने की कोशिश में लगी रहती है। बिन्नी का किरदार चुलबुला और बहुत ही मासूम है परन्तु उनका एक अलग ही देसी रौला है।
प्रणति कहतीं हैं ‘मैं एक 21 साल की लड़की की भूमिका में हूं, जो कि सामाजिक परंपरा को महत्व देती है। लेकिन इसके लिए वह किसी तरह के बंधन में बंधी नहीं है। इस किरदार में ,मैं एक मॉर्डन लड़की होने के साथ दिल से अभी भी जमीन से जुड़ी हुई हूं। सुनती हूं सबकी, लेकिन करती हूं अपने मन की। कुल मिलाकर यह किरदार वास्तव में अपने निर्णय खुद लेने की क्षमता रखता है।’ 10 एपिसोड की सीरीज में, आप प्रणति के अलावा अनुराग सिन्हा, अरु कृष्णक, अभिनव आनंद, समर वर्मी, अलका कौशल, अतुल श्रीवास्तव, कृतिका और फहमान खान को भी प्रमुख भूमिका में देखेंगे।
यह शो अमितोष नागपाल द्वारा लिखा गया है और विकास चंद्र ने इसे डायरेक्ट किया है। इसके अलावा प्रणति राय प्रकाश ‘फैमिली ऑफ ठाकुरगंज’ में मुख्य भूमिका में नजर आ चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने इम्तिआज अली की फिल्म ‘लव आजकल 2’ में महत्वपूर्ण किरदार निभाया था। जल्द ही प्रणति की ‘कार्टे’ वेब सीरीज भी आने वाली है जिसमें भी वो मुख्य भूमिका निभाती हुई नजर आएंगी।





