मध्य प्रदेश के कूनो में आज पहुंचेंगे बोत्सवाना से 8 चीते

मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में आज बोत्सवाना से 8 नए चीते पहुंचने वाले हैं। केंद्रीय वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन चीतों को क्वारंटाइन बाड़े में छोड़ेंगे। इनको मिलाकर अब मध्य प्रदेश में चीतों की संख्या बढ़कर 47 पहुंच जाएंगी।

विशेष विमान से लाए जा रहे 6 मादा और 2 नर चीते
जानकारी के अनुसार, छह मादा और दो नर चीतों को विशेष विमान से बोत्सवाना से मध्य प्रदेश लाया जा रहा है। विशेष विमान से लाए जा रहे इन चीतों को पहले ग्वालियर हवाई अड्डे पर उतारा जाएगा, जहां से उन्हें विशेष रूप से डिजाइन किए वाहनों से सड़क मार्ग द्वारा कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया जाएगा। कूनो में बोत्सवाना से आने वाले आठ चीतों के लिए विशेष क्वारंटीन बाड़े तैयार किए गए हैं।

सभी चीते कम से कम एक महीने तक क्वारंटीन एनक्लोजर में रहेंगे, ताकि उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण के अनुकूलता की निगरानी की जा सके। क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद चीतों को गांधी सागर वाइल्ड सेंचुरी और नौरादेही वाइल्ड सेंचुरी में शिफ्ट किए जाने की संभावना है। अभी गांधी सागर अभयारण्य में वर्तमान में तीन चीते हैं। इसमें दो नर और एक मादा है।

देश में अभी कुल 39 चीते
बता दें, मध्य प्रदेश में 2022 में आठ चीते नामीबिया और वर्ष 2023 में 12 चीते दक्षिण अफ्रीका से भारत लाए गए। अब प्रदेश में चीतों की आबादी बढ़कर 39 हो गई है। इनमें से 32 कूनो में और तीन गांधी सागर अभयारण्य में हैं। इनके अलावा चीता गामिनी ने शुक्रवार को चार शावकों को जन्म दिया। इन्हें भी मिलाकर कुल संख्या अब 39 हो गई है। अब बोत्सवाना से लाए जा रहे चीतों के बाद देश में कुल चीतों की संख्या बढ़कर 47 पहुंच जाएंगी।

Back to top button