मई 2019 में इंजॉय कर सकते हैं समर फेस्टिवल के साथ कार्निवाल भी

राजधानी में इस बार समर फेस्टिवल 3 से 6 जून तक कार्निवल के रूप में मनाया जाएगा। उपायुक्त शिमला राजेश्वर गोयल ने बताया कि समर फेस्टिवल हर साल की तरह रिज मैदान पर होगा। इसके अतिरिक्त आईस स्केटिंग रिंक, पद्म देव परिसर, दौलत सिंह पार्क, गेयटी ओपन थियेटर, रिट्ज सिनेमा हॉल, टाउन हॉल के सामने, इंदिरा गांधी खेल परिसर सहित अन्य स्थानों पर भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
समर फेस्टिवल देश और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति तथा पर्यटन को प्रोत्साहित करने के मकसद के साथ आयोजित होगा। समर फेस्टिवल की तैयारियों को लेकर शनिवार को बैठक भी की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त शिमला राजेश्वर गोयल ने की। उपायुक्त ने बताया कि 4 जून को मॉल रोड स्थित पुलिस नियंत्रण कक्ष के सामने हिमाचली पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर आधारित प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

5 जून को इसी स्थान पर सशस्त्र बल, अर्धसैनिक बल, पुलिस तथा गृह रक्षकों की बैंड प्रतियोगिता का आयोजन होगा। बैंड प्रतियोेगिता अंग्रेजी, पारंपरिक, शास्त्रीय तथा फिल्मी धुनों पर आधारित होगी। 6 जून को गेयटी थियेटर में युवा रॉक बैंड प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

5 और 6 जून को हिमाचली फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। रिट्ज थियेटर और गेयटी थियेटर में हिमाचली फिल्में दिखाई जाएंगी। उपायुक्त ने बताया कि 6 जून को ऑल इंडिया आर्टिस्ट ऐसोसिएशन की ओर से कार्निवल फेस्ट आयोजित होगा जिसमें देश के 25 राज्याें तथा केंद्र शासित प्रदेशों के सांस्कृतिक दल और विवि के विदेशी छात्र अपने देश की पारंपरिक वेशभूषा में समृद्ध संस्कृति की प्रस्तुति देंगे। विदेशी छात्र 5 जून को सांस्कृतिक संध्या में फैशन शो भी करेंगे। एकल संगीत प्रस्तुतियां भी ग्रीष्मोत्सव में 3 से 6 जून तक मुख्य आकर्षण रहेंगी। इनमें शहनाई, बांसुरी, खंजरी सहित अन्य वाद्ययंत्रों की प्रस्तुतियां होंगी।

गोयल ने कहा कि फूड फेस्टिवल, फ्रूट फेस्टिवल, हथकरघा एवं हस्तशिल्प मेला, बेबी शो, डॉग शो, मैजिक शो, कठपुतली शो और पुष्प प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। सहायक आयुक्त निशांत ठाकुर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून व्यवस्था प्रभा राजीव, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल नरेश ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीर ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति के सदस्य बैठक में मौजूद रहे।
600 महिलाएं एकसाथ रिज पर डालेंगी नाटी
शिमला। शिमला समर फेस्टिवल एंड कार्निवाल के तहत पहली बार राजधानी शिमला के एतिहासिक रिज मैदान पर ग्रैंड नाटी का आयोजन होगा। डीसी राजेश्वर गोयल ने बताया कि 600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक हिमाचली वेशभूषा में 3 जून को रिज मैदान पर नाटी आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम सैलानियों के अलावा शहर के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
यह भी होंगे आयोजन
27 और 28 मई को चित्रकला स्पर्धा
1 जून प्रश्नोत्तरी स्पर्धा
2 जून स्पर्धा
3 से 5 जून हैरिटेज वॉक में शिमला के संग्रहालयों का भ्रमण
5 से 8 जून मालरोड, रिज पर नुक्कड़ नाटक
4 से 6 जून खेल परिसर में बैडमिंटन, बालीवाल, जूडो कराटे स्पर्धा
3 जून गेयटी थियेटर में कवि सम्मेलन
4 जून गेयटी थियेटर में गजल, पहाड़ी कव्वाली प्रस्तुति
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर ठोस कचरा प्रबंधन प्रदर्शनी





