मंगलवार की आधी रात घर आए बहुआ ब्लाक प्रमुख का भतीजा कमरे में जाते ही हत्या, चीख पड़ा मासूम बेटा

शहर के गढ़ीवा मोहल्ले में मंगलवार की आधी रात घर आए बहुआ ब्लाक प्रमुख का भतीजा कमरे में गया और कुछ ही देर में चाकू से गर्दन रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। सुबह दस साल का बेटा कमरे में पहुंचा तो चीख पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की है, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि हत्या रंजिशन की गई है या फिर लूटपाट के इरादे से घुसे बदमाशों ने की है। बुधवार की सुबह वारदात की जानकारी होते ही लोगों में सनसनी फैल गई।
होटल के व्यवस्थापक थे जितेंद्र
बहुआ ब्लाक प्रमुख के भतीजे 35 वर्षीय जीतेंद्र उर्फ कल्लू यादव शहर के वर्मा चौराहे पर स्थित होटल कंटीनेंटल के व्यवस्थापक थे। मंगलवार आधी रात करीब बारह बजे होटल से जितेंद्र गढ़ीवा स्थित घर आ गए। एक कमरे में पत्नी निशा व दो बच्चों को सोता देखकर वह दूसरे कमरे में जाकर लेटने चले गए। रात में किसी समय चाकू से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी गई।
बेटे ने मां को बंधे देखकर परिजनों को दी जानकारी
रात में खटपट की आवाजें सुनकर दस साल का बेटा उज्ज्वल जाग गया। उसने बेड के पास मां को बंधे देखा और दूसरे कमरे में पिता को खून से लथपथ पड़ा देखकर चीख पड़ा। वह भागते हुए सीधे बाबा महेंद्र सिंह के पास होटल पहुंचा। उसकी बातें सुनकर महेंद्र व अन्य कई लोग उसके साथ घर पहुंचे। मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाले किरायेदार भी नीचे उतर आए। जीतेंद्र का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। कमरे की आलमारी खुली थी और सामान भी इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा एक बदमाश
महेंद्र सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश बदमाश नजर आया। आशंका जताई जा रही है कि रात्रि एक बजे करीब दो नकाबपोश बदमाश घर के अंदर दाखिल हुए और पत्नी निशा को बांधकर कमरे में छोड़ गए। जीतेंद्र के कमरे में दाखिल होते ही बदमाशों ने मारपीट करते हुए जितेंद्र की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी मौके से निकल गए।
हत्या के इरादे से घर में घुसे बदमाश
चाचा महेंद्र सिंह ने बताया कि जितेंद्र की किसी से दुश्मनी नहीं थी। बदमाश हत्या के इरादे से ही घर के अंदर घुसे हैं। जितेंद्र के भाई राजा सिंह का कहना था लूटपाट के लिए घर में घुसे बदमाशों ने हत्या की है। कीमती आभूषण व नकदी लूटकर हत्यारे भाग निकले हैं। पुलिस ने परिजनों व किरायेदारों से पूछताछ के साथ ही घटना की छानबीन शुरू की है।





