भ्रष्टाचार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रंगदारी मांगने वाला इंस्पेक्टर और 3 पत्रकार गिरफ्तार

पुलिस ने ये गिरफ्तारियां ऑपरेशन ‘ट्रैप’ के अंतर्गत की थीं। आरोपियों में सेक्टर 20 के एसएचओ मनोज पंत, कथित पत्रकार सुशील पंडित, उदित गोयल और रमन ठाकुर हैं। इन सबको सेक्टर 20 के एसएचओ के दफ्तर में 8 लाख रुपए लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया। आरोपी एक कॉल सेंटर मालिक से उसका नाम एक एफआईआर से हटाने की एवज में पैसे वसूल रहे थे। एफआईआर नवंबर 2018 में दर्ज की गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वैभव कृष्णा ने बुधवार को बताया, ‘‘सेक्टर 20 पुलिस थाना प्रभारी मनोज कुमार पंत और पत्रकारों सुशील पंडित, उदित गोयल और रमन ठाकुर को कल गिरफ्तार किया गया।’’
उन्होंने बताया कि चारों को सेक्टर 20 पुलिस थाने में आठ लाख रुपए की रिश्वत लेते या जबरन वसूली करते रंगे हाथ पकड़ा गया। कृष्णा ने कहा, ‘‘वे एक कॉल सेंटर मालिक से नवंबर 2018 में दर्ज हुई एक प्राथमिकी से उसका नाम हटाने के एवज में धन वसूल रहे थे।’’





