भारत ने पाकिस्तान के परमाणु प्रसार इतिहास को बताया वैश्विक खतरा

 भारत ने गुरुवार को कहा कि गुपचुप तरीके से परमाणु प्रसार करने का पाकिस्तान का इतिहास रहा है। हालिया अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट से स्पष्ट है कि इस्लामाबाद दुनिया के लिए किस प्रकार का खतरा पैदा करता है।

अमेरिका की राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड के पाकिस्तान के बारे में दिए गए बयान को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा, जहां तक पाकिस्तान का सवाल है उनका गुप्त परमाणु प्रसार का इतिहास रहा है और फिर स्पष्ट हो गया है कि गुप्त परमाणु अभियानों के कारण वे दुनिया के लिए किस प्रकार का खतरा पैदा करते हैं।

गौरतलब है कि तुलसी गबार्ड ने बुधवार को चेताया था कि पाकिस्तान का उन्नत मिसाइल कार्यक्रम अमेरिका के लिए भी खतरनाक हो सकता है। 2026 के ‘एनुअल थ्रेट असेसमेंट’ (खतरों से संबंधित वार्षिक समीक्षा रिपोर्ट) पेश करने के दौरान गबार्ड ने कहा कि पाकिस्तान की लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें जल्द ही ‘इंटरकांटिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल’ (आइसीबीएम) का रूप ले सकती हैं, जिससे अमेरिका उनकी जद में आ जाएगा।

उन्होंने कहा, चीन और रूस ऐसी प्रणालियां विकसित कर रहे हैं जो अमेरिकी मिसाइल डिफेंस को भेदने में सक्षम हैं। एएनआइ के अनुसार विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की ¨नदा की। टोलो न्यूज के अनुसार, काबुल में एक अस्पताल पर पाकिस्तान द्वारा किए गए घातक हवाई हमले में 400 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

Back to top button