भगवान राम नेपाली पीएम के बयान पर भड़का विश्व हिन्दू परिषद्

नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने अयोध्या के संदर्भ में नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के बारे में भ्रम फैलाना संभव ही नहीं है।अयोध्या वही है जिसे दुनिया जानती है।

आलोक कुमार ने मंगलवार को विज्ञप्ति जारी कर कहा कि श्रीराम और अयोध्या के सम्बन्ध में नेपाल के प्रधानमंत्री ओली का बयान संभवतः किसी विदेशी ताकत के दबाव में भारत और नेपाल के धर्मनिष्ठ हिन्दू समाज के अटूट सम्बन्धों को तोड़ने का एक असफल प्रयास भर है। उनके बयान पर उनके अतिरिक्त शायद कोई भी अन्य व्यक्ति विश्वास नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि भगवान राम और भगवान पशुपतिनाथ भारत और नेपाल के हिन्दू समाज के बीच अटूट धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक सम्बन्धों का आधार हैं। श्रीराम जन्मभूमि के सम्बन्ध में धर्मग्रंथों,  परम्परा, जनश्रुति एवं इतिहास में एकमत से वर्णन है कि वर्तमान अयोध्या ही भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है। इस सम्बन्ध में कहीः कोई भी दूसरा मत कभी व्यक्त नहीं किया गया।
विहिप कार्याध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि हर वर्ष श्रीराम की बारात अयोध्या से नेपाल के जनकपुरी में जाती है। इस सम्बन्ध में सम्भ्रम फैलाना संभव ही नहीं है।

उल्लेखनीय है कि नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने विवादित बयान दिया था कि भगवान राम का जन्म स्थान नेपाल के अयोध्या में है। वहीं, ओली के बयान को अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह ने बेतुका बताया है। उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री ओली चीन की भाषा बोल रहे हैं। उन्हें इतिहास की कोई जानकारी नहीं है। आदिकाल से सभी ग्रंथों में अयोध्या को सरयू नदी के किनारे ही बताया गया है। यहीं भगवान राम का जन्म हुआ, माता सीता जनकपुर से अयोध्या आईं।

 

Back to top button