बड़ी घटना: ब्राजील में बांध टूटने से सात की मौत, 150 लोग लापता

ब्राज़ील के दक्षिण पूर्व स्थित मेनस जेराइस राज्य के ब्रूमाडिनो शहर के करीब लौह अयस्क की ख़दान के पास मौजूद एक बांध टूट गया है. अधिकारियों का कहना है कि इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है और 150 से ज़्यादा लोग लापता हैं. आपात राहत टीमों ने हेलिकॉप्टर की मदद से मिट्टी के सैलाब में फंसे कई लोगों को बचाया है.बड़ी घटना: ब्राजील में बांध टूटने से सात की मौत, 150 लोग लापता

अधिकारियों ने जानकारी दी है कि जिस वक्त बांध टूटा कई मज़दूर वेल कंपनी की कैंटीन में दोपहर का खाना खा रहे थे. कंपनी के प्रेसिडेंट का कहना है कि मलबे में कैंटीन भी दब गई है. उनका कहना है कि बीते साल सितंबर में बांध की मज़बूती की जांच हुई थी और इसे सही स्थिति में बताया गया था. ब्रूमाडिनो बांध के टूटने से मेनस जेराइस राज्य के कई इलाकों में मलबा भर गया और कई गांव भी इसकी चपेट में आ गए.

अधिकारियों का कहना है कि राहत और बचाव कार्य के लिए टीमें भेजी गई हैं. अधिकारियों ने बताया कि बांध के आसपास मौजूद इलाकों से लोगों को निकाल कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है. स्थानीय समयानुसार दोपहर के खाने के समय फीजायो लौह अयस्क ख़दान के नज़दीक मौजूद बांध का एक बैरियर टूट गया. इस बांध का इस्तेमाल ख़दान से निकले लौह अयस्क की सफ़ाई की प्रक्रिया में बने मलबे को जमा करने के लिए किया जाता था. ये ख़दान ब्राज़ील की सबसे बड़ी खनन कंपनी ‘वेल’ की है.

कंपनी के अनुसार इस इलाके में कई बांध बनाए गए थे जिनमें से एक ब्रूमाडिनो बांध है. ये 1976 में बनाया गया था और इसमें दो मिलियन क्यूबिक मीटर तक मलबा रखा जा सकता था. अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि बांध टूटने के कारण कितना मलबा बाहर निकला है. टेलीविज़न पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो फ़ुटेज में देखा जा सकता है कि मिट्टी की नदी सी बह रही है जो अपने रास्ते में आने वाले घरों को नष्ट कर रही है और सड़कों को पूरी तरह ढक चुकी है.हालात का जायज़ा लेने के लिए राष्ट्रपति जेयर बोल्सेनारो शनिवार को इस इलाक़े का दौरा करेंगे.

वेल कंपनी और स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि ख़दान से बही मिट्टी पास के ब्रूमाडिनो शहर के नज़दीक मौजूद गांव विला फोर्टेको तक फैल गई है. ब्रूमाडिनो के मेयर अविमार डे मेलो ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं. इससे पहले उन्होंने स्थानीय अख़बार होजे एम डिया को बताया था कि “कम से कम 50 लोगों” की मौत हुई है. इसी राज्य में क़रीब तीन साल पहले एक बांध टूटने से 19 लोग मारे गए थे.

Back to top button