बेला थाना के ग्राम भूलाहार में दर्दनाक हादसे में, वृद्ध दंपती की मौत पर भीड़ ने जाम कर दी रोड

बेला थाना के ग्राम भूलाहार में दर्दनाक हादसे में वृद्ध दंपती की जान चली गई। अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दंपती की मौके पर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर लोगों को शांत कराया।

क्षेत्र के ग्राम सौंथरा निवासी रेलवे से सेवानिवृत्त प्रेमचंद्र (65) अपनी पत्नी विमला देवी (60) के साथ रविवार की सुबह कन्नौज जिले के सौरिख निवासी रिश्तेदार के घर बाइक से जा रहे थे। सौरिख में रहने वाले रिश्तेदार की बेटी का तिलक जाना था और उन्होंने प्रेमचंद्र से शादी के लिए दो लाख रुपये मांगे थे। भूलाहार गांव स्थित अपना ढाबा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध दंपती की मौके पर मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने जाम लगा दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। मौके पर पहुंचे एसडीएम रमापति, सीओ बिधूना लालता प्रसाद व थानाध्यक्ष विष्णु गौतम ने परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों ने बताया कि प्रेमचंद्र से सौरिख निवासी रिश्तेदार ने बेटी की शादी के लिए दो लाख रुपये मांगे थे। उनके पास बैग में दो लाख रुपये थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है, जबकि चालक व क्लीनर फरार हैं।

Back to top button