बीजेपी विधायक के पास आया महिला का फोन, देश के माहौल को बिगाड़ने की कर रही थी बात

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की हरगांव सीट से भाजपा विधायक सुरेश राही ने आज हजरतगंज पुलिस को एक सूचना दी, जिसमें कहा गया कि उनके पास एक फोन कॉल आया, जिसमें देश के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की बात की जा रही थी।
रविवार दोपहर दो बार आई फोन कॉल को पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की है। वहीं इस मामले पर एसपी का कहना है कि दोनों कॉल कहां से आई हैं, इसको लेकर जांच की जा रही है।
सुरेश राही ने हजरतगंज थाने के निरीक्षक को सूचित करते हुए कहा कि आज दिनांक 09 अगस्त 2020 को दोपहर को मेरे मोबाइल नंबर 8887150947 पर +14028332750 से एक फोन आया। उधर से एक महिला बात कर रही थी, जोकि देश में हिन्दू-मुसलमान को आपस में भड़काने की बात कह रही थी।
उन्होंने आगे कहा कि वह देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी को आगामी 15 अगस्त को लालकिले पर झंडा फहराने से रोकने की भी बात कहती है। वह सिख धर्म का उदाहरण देते हुए कहती है कि वह लोग किस तरह से अलग देश की मांग कर रहे हैं।
विधायक ने आगे बताया कि इसके कुछ देर बाद दोपहर 12.23 बजे मेरे दूसरे मोबाइल फोन 9415047084 पर +1320 3292060 से फोन आता है। इस बार भी फोनकर्ता देश के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने की बात करता है। उन्होंने थाने को सूचित करते हुए मामले में अग्रिम कार्यवाही की मांग की है।
वहीं इस फोन कॉल के आने के बाद कुल घटनाक्रम से विधायक ने सबसे पहले सीतापुर पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। जानकारी लगते हुए सर्विलांस टीम सक्रिय हो गई। सायंकाल तक कॉल डिटेल की तह तक पहुंचने के लिए अन्य माध्यमों का भी सहारा लिया गया।
एसपी आरपी सिंह का कहना है कि विधायक सुरेश राही के फोन पर आई दो बार फोन कॉल की डिटेल खंगाली जा रही है। सर्विलांस टीम लगी हुई है। जल्द ही फोन करने वाले स्रोतों का पता लगा लिया जाएगा।





