बिहटा से लूटा गया हाइवा 10 घंटों में ही बेगूसराय से बरामद

बिहटा.नेउरा ओपी थाना क्षेत्र के अहियापुर गांव के समीप सोमवार की रात हाइवा लूट की घटना के महज 10घंटे बाद ही पुलिस ने बेगूसराय के सिंघौल से बरामद कर लिया। गाड़ी के साथ लूट में शामिल दो लुटेरे भी पकड़े गए हैं। पुलिस टीम पकड़े गए लुटेरों के बयान पर शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

बताया जाता है की कात्यायनी ग्रुप का हाइवा ट्रक संख्या बीआर 01जीई – 0772 बिहटा के आनंदपुर से बालू लादकर पटना के लिए बिहटा-खगौल मार्ग से होते हुए चला था। जैसे ही गाड़ी अहियापुर के पास पहुंची कि सूमो विक्टा पर सवार आठ हथियारबंद अपराधियों ने गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया।
ये भी पढ़े: महागठबंधन में बढ़ती दरार : जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा, बीजेपी से रिश्ते ज्यादा सहज थे
ट्रक चालक व खलासी कुछ समझ पाते, इसके पहले ही अपराधियों ने उन्हें हथियार के बल अपने कब्जे में ले लिया। दोनों को अपराधी सूमो में ले गए, जहां उनके साथ जमकर मारपीट की गई और बेहोशी की सूई देकर सोनपुर से आगे दिघवारा के पास हाथ-पैर बांध सड़क किनारे फेंक दिया।
कंपनी के निदेशक की सूचना पर हरकत में आई पुलिस
मंगलवार की सुबह में दिघवारा पुलिस ने दोनों को जख्मी हालत में उठाकर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चालक की पहचान अरवल के पोखरी निवासी धर्मेंद्र कुमार व खलासी रंजन कुमार के रूप में हुई। चालक ने होश में आने के बाद घटना की सूचना कंपनी के निदेशक जीवन कुमार को दी।
हाइवा लूट की सूचना पर जीवन कुमार ने तत्काल एसएसपी सहित तमाम वरीय पदाधिकारियों को दी। लूट की सूचना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कई जिलों में सड़क को सील कर दिया। नतीजा ट्रक लेकर भाग रहे दो लुटेरे पकड़े गए।





