बिजली सामग्री बरामदगी के मामले में कानपुर एसटीएफ ने शुरू कर दी कार्रवाई…

कानपुर में करोड़ों रुपये मूल्य के ट्रांसफार्मर सहित अन्य बिजली सामग्री बरामदगी के मामले में कानपुर एसटीएफ ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अचानक यहां पहुंची एसटीएफ ने एक्सईएन नीरज कुमार व तत्कालीन अवर अभियंता रंजीत कुमार को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि दोनों को पूछताछ के लिए ले जाया गया है।

कानपुर में एसटीएफ ने गत वर्ष जून माह में बिजली विभाग के करोड़ों रुपये की सामग्री बरामद कर गैंग का पर्दाफाश किया था। पूछताछ के बाद बिजली विभाग के कई अफसरों, कर्मचारियों व ठेकेदारों के नाम सामने आए थे। इनके खिलाफ पनकी थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई थी। एसटीएफ ने जो माल बरामद किया था, उसमें गोंडा में विद्युतीकरण के लिए ली गई सामग्रियां भी थीं। इससे यहां से भी सामान चोरी कर भेजने की बात सामने आई थी। इससे ठेकेदारों व अभियंताओं की कार्यप्रणाली संदिग्ध हो गई।

पुलिस व एसटीएफ ने गहनता से जांच शुरू की तो जिले के कई अभियंता शक के दायरे में आ गए। प्रारंभिक स्थिति में विभागीय अफसरों ने जेई रंजीत कुमार को निलंबित करने के साथ ही संबंधित ठेकेदार फर्म को ब्लैक लिस्टेड कर दिया। गत गुरुवार की रात कानपुर एसटीएफ की एक टीम पहुंची और अधिशासी अभियंता नीरज कुमार व जेई रंजीत से पूछताछ की। उसके बाद उनको साथ लेकर चली गई। इसकी जानकारी होते ही विभाग में खलबली मची हुई है। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता रामस्वरूप ने बताया कि उक्त अभियंताओं को पूछताछ के लिए एसटीएफ ले गई है। वहीं, एसपी आरपी सिंह ने मामले की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।

Back to top button