बार-बार लग रही है प्यास? कहीं आप भी तो अनजाने में नहीं खा रहे डिहाइड्रेट करने वाले फूड्स

मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी के मौसम ने दस्तक दे दी है। गर्मी के मौसम में शरीर का टेंपरेचर बढ़ने लगता है और पसीने के रूप में शरीर से पानी बाहर निकलता है। ऐसे में शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी हो जाता है, ताकि थकान, चक्कर, लो बीपी या हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
हालांकि, इस दौरान बहुत से लोग अनजाने में ऐसे फूड्स डाइट में शामिल कर लेते हैं, जो शरीर में पानी की मात्रा को और घटा देते हैं। इन फूड्स का अधिक सेवन शरीर को डिहाइड्रेट कर सकता है, जिससे सेहत पर बुरा असर पड़ता है। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ फूड्स के बारे में, जिन्हें गर्मियों में सीमित मात्रा में और समझदारी से खाना चाहिए।
कैफीन युक्त ड्रिंक्स (कॉफी, चाय)
कैफीन ड्यूरेटिक होता है, जो बार-बार यूरिनेशन का कारण बनता है। इससे शरीर का पानी तेजी से निकलता है और डिहाइड्रेशन की स्थिति बनती है।
अल्कोहल
शराब शरीर से इलेक्ट्रोलाइट्स और पानी दोनों को तेजी से बाहर निकालती है। गर्मी में इसका असर और भी तेज हो जाता है।
ज्यादा प्रोटीन वाली डाइट
प्रोटीन के पाचन में शरीर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे ज्यादा पानी की आवश्यकता होती है और पानी की कमी हो सकती है।
नमकीन स्नैक्स (चिप्स, नमकीन)
इनमें सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है जो शरीर के पानी के बैलेंस को प्रभावित करता है।
तले हुए फूड प्रोडक्ट्स
गर्मी में तले हुए खाने को पचाना मुश्किल होता है। इससे शरीर पर एक्स्ट्रा बोझ पड़ता है और पानी की कमी हो सकती है।
मीठे ड्रिंक्स और एनर्जी ड्रिंक्स
स्वीट ड्रिंक्स में कैफीन और शुगर अधिक होती है, जो डिहाइड्रेशन को बढ़ाती है और शरीर की एनर्जी को अस्थायी रूप से बढ़ाती है।
अचार और प्रिजर्व्ड फूड्स
इनमें अत्यधिक नमक और सिरका होता है, जो शरीर से पानी खींचता है।
प्रोसेस्ड और पैकेज्ड फूड्स
ये फूड्स एडिटिव्स और सोडियम से भरपूर होते हैं, जो शरीर में पानी की कमी का कारण बन सकते हैं।
मैदे से बने प्रॉडक्ट्स
मैदा फाइबर रहित होता है और इसे पचाने के लिए पानी की आवश्यकता अधिक होती है। इससे शरीर में पानी की कमी होती है।
रेड मीट
इसकी तासीर गर्म होती है और गर्मियों में यह शरीर को जल्दी डिहाइड्रेट कर सकता है।
गर्मियों में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए इन फूड्स का सेवन सीमित मात्रा में ही करें और ज्यादा से ज्यादा पानी, फल, सलाद और नेचुरल पेय पदार्थों को अपनी डाइट में शामिल करें। इससे शरीर ठंडा और हाइड्रेटेड बना रहेगा।





