‘बाबरी या उसके जैसा नहीं होगा अयोध्‍या में बनने वाली मस्जिद का नाम’

लखनऊ। इन दिनों पूरे देश में अयोध्‍या में बनने वाली मस्जिद का नाम क्‍या होगा? चर्चा का विषय बना हुआ है। इसको लेकर अब सुन्‍नी वक्‍फ बोर्ड के अथर हुसैन का कहना है कि अयोध्‍या में मुस्लिम पक्ष को मिली पांच एकड़ जमीन पर बनने वाली मस्जिद का बाबरी या उसके जैसा कोई नाम नहीं होगा।

अथर हुसैन ने आगे कहा कि कितने एकड़ जमीन में क्या बनेगा, ये सब अभी कुछ तय नहीं है। कोरोना के कारण पैदा हुई स्थिति की वजह से वक़्त लग रहा है। उन्‍होंने कहा कि उस जगह पर अयोध्या में हम लोग मस्जिद के साथ-साथ सामुदायिक रसोई, पुस्तकालय, संग्रहालय और संस्कृति को बढ़ाने वाली रिसर्च जैसी चीजों को भी बनाएंगे।

उन्‍होंने आगे कहा कि हमारे मुख्यमंत्री जी जन कल्याण के काम में हमेशा अपनी भागीदारी देते हैं। हमको उम्मीद है कि हमारे बुलाने पर मुख्यमंत्री योगी आएंगे। लेकिन, मस्जिद निर्माण में हमारे यहां कोई भूमि पूजन जैसी चीज होती ही नहीं है तो उसमें बुलाने का कोई प्रश्न ही नहीं है।

अथर हुसैन ने कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड की बात पर क्या प्रतिक्रिया दी जाए। उनकी बात ही अपने-आप में विरोधाभासी है। पहले वह कहते थे कि कोर्ट का निर्णय मानेंगे लेकिन अब वह क्या कह रहे हैं। मस्जिद में तो लोग कहीं भी नमाज़ के लिए बैठ जाते हैं, फिर उन्हें इस मस्जिद में क्या दिक्कत है। हर जगह अल्लाह है।

Back to top button