बरेली में भीषण हादसा: हाईवे पर पेड़ से टकराई कार, महिला समेत तीन की मौत

बरेली के किला थाना क्षेत्र में शनिवार की रात भीषण सड़क हादसा हुआ। शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार हाईवे पर पेड़ से टकरा गई। हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य घायल हुए हैं। इनमें एक बच्चा भी शामिल है।
बरेली में शादी समारोह से लौट रहे परिवार की कार शनिवार देर रात भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दो बुजुर्गों और एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को रामपुर रोड के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों में रामपुर के कल्याणपुर शहजादनगर निवासी 30 वर्षीय मोनी पत्नी गोविंद, गोविंद के पिता पिता 60 वर्षीय खेमकरन व 85 वर्षीय फूफा रामगुलाम (निवासी शिवपुरी, थाना मुंडापांडे, मुरादाबाद) शामिल हैं। गोविंद, उनका दो वर्षीय बेटा और चाचा राम बहादुर गंभीर रूप से घायल हैं।
गोविंद के साथ सभी लोग अपनी बुआ के बेटे राहुल की शादी में शामिल होने थाना शाही क्षेत्र के गांव मंसूरगंज गए थे। रात में वहां से घर लौट रहे थे। रात एक बजे दिल्ली हाईवे पर स्वाले नगर में इनकी कार सड़क के बीच खड़े सेमल के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखचे उड़ गए।
सड़क के बीच खड़े पेड़ की वजह से गई तीन लोगों की जान
हादसे के बाद रविवार को सुबह घटनास्थल पर काफी भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार सेमल के जिस पेड़ से कार टकराई, वह लंबे समय से सड़क के बीच खड़ा है। इससे पहले भी इस पेड़ की वजह से कई हादसे हो चुके हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
लोगों ने बताया कि पेड़ पर कोई रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत नहीं लगाया गया था। इसके बावजूद प्रशासन ने पेड़ को हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई। रामपुर रोड कई जगह से टूटा व जर्जर है। जगह-जगह गहरे गड्ढे भी हैं। रेत-बजरी के कारोबारियों ने सड़क किनारे अतिक्रमण कर रखा है।





