फेफड़ों के साथ दिल और दिमाग पर भी कोरोना डाल रहा है असर

कोरोना वायरस न केवल मरीज के फेफड़ों को हानि पहुंचा रही है बल्कि दिल व दिमाग सहित किडनी पर भी गहरा असर डाल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक कोविड-19 बीमारी प्रमुख रूप से व्यक्ति के श्वसन तंत्र पर हमला करती है। इसकी वजह से मरीजों को सूखी खांसी, सांस लेने में तकलीफ और निमोनिया जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
हाल ही हुए नए शोधों में सामने आया कि गंभीर रूप से पीडि़त कोरोना मरीजों के शरीर के दूसरे अंगों को भी वायरस ने नुकसान पहुंचाया है। इसकी वजह से सरकारी निजी अस्पतालों में मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। उल्लेखनीय है कि शहर में करीब 12 बड़े निजी और दो सरकारी अस्पताल हैं। सरकारी स्तर पर ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल एनआईटी तीन नंबर और बीके नागरिक अस्पताल बीके शामिल हैं। इन अस्पताल में रोजाना करीब 10 हजार लोग इलाज के लिए पहुंचते है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि अमेरिका, इटली में किए गए अध्ययनों से पता चला है कि सार्स सीओवी-2 वायरस हृदय को भी नुकसान पहुंचाता है। कोरोना वायरस ने व्यक्ति के तंत्रिका तंत्र पर असर काफी असर डाला है। इस कारण कोरोना बीमारी से ग्रसित 60 फीसदी मरीजों को सूंघने और स्वाद पता करने की क्षमता में कमी आई है। अस्पतालों में सांस, हृदय रोग, मस्तिष्क रोग और किडनी रोगियों की संख्या में 20 से 25 फीसदी का इजाफा हुआ है।
ईएसआईसी मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के रजिस्ट्रार डॉ. अनिल पांडे का कहना है कि कोरोना वायरस से ठीक हुई मरीजों के फेफड़ों में सांस लेने और छोडऩे की क्षमता कम हुई है। सांस से संबंधित अस्पतालन में रोजाना 7 से 10 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं। ये फाइब्रोसिस के लक्षण हैं। फेफड़ों में छोटे-छोटे इंफिल्ट्रेशन हो जाते है। इस पर शोध की आवश्यकता है।
क्यूआरजी हेल्थ सिटी अस्पताल के नेफ्रोलॉजी विभाग के निदेशक डा. जितेंद्र कुमार का कहना है कि कोरोना के 30 से 40 फीसदी मरीजों में यूरिन में प्रोट्रीन बढ़ जाता है। वहीं 8 से 10 फीसदी मामलों में कोरोना के कारण किडनी फेलियर हो जाता है।
The post फेफड़ों के साथ दिल और दिमाग पर भी कोरोना डाल रहा है असर appeared first on Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper.

Back to top button