फिलीपींस में सियासी ड्रामा, पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते को गिरफ्तार करने वाले पुलिस प्रमुख बर्खास्त

टोरे को हटाए जाने का कारण पूछे जाने पर, सरकार के आंतरिक सचिव जोनविक रेमुल्ला ने बिना कोई खास जानकारी दिए कहा कि, ‘निकोलस टोरे ने किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया है, उन पर कोई आपराधिक या प्रशासनिक आरोप भी नहीं लगाया गया है, यह केवल राष्ट्रीय पुलिस के लिए एक नई दिशा तय करने का राष्ट्रपति का फैसला है।’

फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्दिनांद मार्कोस जूनियर ने अपने राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख को बर्खास्त कर दिया है। पुलिस प्रमुख ने अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय के आदेश पर फिलीपींस के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते और कथित बाल यौन तस्करी के लिए एफबीआई की वांछित सूची में शामिल प्रचारक अपोलो कैरियन क्विबोलोय को गिरफ्तार करके सुर्खियां बटोरीं थी। फिलीपींस के कार्यकारी सचिव लुकास बर्सामिन ने 2,32,000 सदस्यों वाले राष्ट्रीय पुलिस बल के प्रमुख पद से जनरल निकोलस टोरे को हटाने का कोई कारण नहीं बताया। टोरे को मई में ही राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख पद पर नियुक्त किया गया था और उनका कार्यकाल साल 2027 तक था।

मनमानी कर रहे थे टोरे
फिलीपींस सरकार ने टोरे की जगह वरिष्ठ पुलिस जनरल, जोस मेलेंसियो नार्टेज जूनियर को अगला पुलिस प्रमुख नियुक्त किया है। नार्टेज जूनियर ने मंगलवार को यह पदभार ग्रहण किया। वहीं पद से अचानक हटाए जाने के बाद निकोलस टोरे की तरफ से कोई बयान सामने नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि अपने निष्कासन से पहले, टोरे ने कथित तौर पर राष्ट्रीय पुलिस के एक दर्जन से अधिक शीर्ष पुलिस अधिकारियों को पद से हटा दिया था, इनमें मौजूदा पुलिस प्रमुख नार्टेज भी शामिल थे। इसे लेकर टोरे का सरकारी अधिकारियों के साथ मतभेद भी था। अब टोरे के निष्कासन के पीछे ये भी एक वजह मानी जा रही है। राष्ट्रीय पुलिस आयोग ने इसी महीने पुलिस अधिकारियों को उनके पदों पर बहाल करने का आदेश दिया था, लेकिन आयोग के आदेश के बावजूद तुरंत ऐसा नहीं किया गया था। जिससे सरकार के शीर्ष अधिकारी टोरे से नाराज थे।

टोरे को हटाए जाने का कारण पूछे जाने पर, सरकार के आंतरिक सचिव जोनविक रेमुल्ला ने बिना कोई खास जानकारी दिए कहा कि, ‘निकोलस टोरे ने किसी भी कानून का उल्लंघन नहीं किया है, उन पर कोई आपराधिक या प्रशासनिक आरोप भी नहीं लगाया गया है, यह केवल राष्ट्रीय पुलिस के लिए एक नई दिशा तय करने का राष्ट्रपति का फैसला है।’ उन्होंने कहा कि ‘हम कानूनों का देश हैं, लोगों का नहीं, और संस्थाएं उन्हें चलाने वाले लोगों से बड़ी होनी चाहिए।’

पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते को किया था गिरफ्तार
इस साल मार्च में, टोरे ने मनीला के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते को गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय द्वारा दुतेर्ते के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के चलते हुई। 2022 में अपना छह साल का राष्ट्रपति कार्यकाल पूरा करने वाले दुतेर्ते पर, अपने कार्यकाल के दौरान अवैध ड्रग्स के खिलाफ क्रूर अभियान चलाने के लिए मानवता के विरुद्ध अपराध का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि इस अभियान में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में हजारों लोग मारे गए। जिन पर पश्चिमी सरकारों और मानवाधिकार निगरानी संस्थाओं ने चिंता जाहिर की थी। पिछले साल, टोरे ने फिलीपींस के धार्मिक नेता अपोलो क्विबोलोय की भी गिरफ्तारी की थी, जो दुतेर्ते के एक प्रमुख समर्थक थे। क्विबोलोय पर अमेरिका में कम उम्र की लड़कियों के यौन शोषण और तस्करी के आरोप के गंभीर आरोप हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button