प्राचीन हनुमान मंदिर के पास शौचालय का निर्माण कराए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश

बीकापुर/अयोध्या। बीकापुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत शिवतर में प्राचीन हनुमान मंदिर के बगल धार्मिक भावनाओं को दरकिनार करते हुए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराए जाने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय ग्रामीणों ने मंदिर के सलाहकार प्रदीप श्रीवास्तव के अगुवाई में तहसील प्रशासन से लेकर जिला अधिकारी तथा मुख्यमंत्री तक को उनके शिकायत पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत करके सार्वजनिक शौचालय का निर्माण हनुमान मंदिर से दूर अन्य किसी स्थान पर निर्माण करवाने की मांग की है।
मंदिर के सलाहकार प्रदीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्राचीन हनुमान मंदिर के बगल बंजर भूमि है जिस भूमि पर अरसा पूर्व से मंदिर का कब्जा तथा स्वामित्व चला आ रहा है उक्त भूमि में रवि खरीफ एवं जायद की फसलें की जाती हैं। फसलों से प्राप्त धनराशि से प्राचीन हनुमान मंदिर पर भंडारा आदि सामाजिक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम किया जाता है। उक्त धनराशि से ही मंदिर में पूजा पाठ का सामान खरीदा जाता है।
इस बार भी उक्त भूमि पर धान की रोपाई कराई गई थी जिसे ग्राम प्रधान द्वारा डायल 112 पुलिस को बुलाकर जबरन कटवा लिया गया जिससे ग्राम वासियों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है । अब ग्राम प्रधान ने इसी भूमि पर प्राचीन हनुमान मंदिर के ठीक बगल सार्वजनिक शौचालय का निर्माण का कार्य कराया जा रहा है । जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है ।





