प्रशांत भूषण के खिलाफ ११ वर्ष पुराना अवमानना केस, सुनवाई टली, नई बेंच करेगी सुनवाई

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के मशहूर वकील प्रशांत भूषण के खिलाफ ग्यारह वर्ष पुराने अदालत की अवमानना के केस में चल रही सुनवाई टल गई है। मामले की सुनवाई अब सुप्रीम कोर्ट की नई बेंच करेगी।
मामले की सुनवाई कर रही जस्टिस अरूण मिश्रा की बेंच ने इसे चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के पास भेजा है। सीजेआई अब नई बेंच का गठन करेंगे। सुनवाई के दौरान जस्टिस मिश्रा ने कहा कि वो रिटायर हो रहे हैं। अब अगली सुनवाई करने वाली उचित बेंच ये तय करेगी कि इस मामले को बडी बेंच के पास भेजा जा सकता है या नहीं।
पिछली सुनवाई में प्रशांत भूषण ने वर्ष 2009 में दिए अपने बयान पर खेद जताया था, लेकिन बिना शर्त माफ़ी मांगने से इंकार कर दिया था। उन्होंने अपने बयान का तात्पर्य भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि सही तरीक़े से कर्तव्य न निभाना बताया था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में एक साक्षात्कार में प्रशांत भूषण ने सुप्रीम कोर्ट के आठ पूर्व चीफ़ जस्टिस के बारे में टिप्पणी के थी।





