प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने विजयवाड़ा की घटना पर जताया दुख

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा गोल्डन पैलेस कोविड-19 सुविधा केंद्र में लगी आग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी को फोन कर घटना के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विजयवाड़ा के कोविड अस्पताल में आग लगने की घटना पर गहरा दुख जताते हुए राज्य सरकार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि इस घटना से उन्हें काफी दुख हुआ है और इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना भी की।
दरअसल रविवार सुबह कोविड केयर सेंटर के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे स्वर्ण पैलेस में आग लग गई, जिसमें 9 मरीजों की दम घुटने से मौत हो गई। दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाई। घटना के समय यहां 40 मरीज और 10 अस्पताल के कर्मचारी थे। करीब 30 लोगों को बचाकर दूसरे कोविड सेंटर में भेजा गया है।





