प्रदेश में धान खरीद में कई सौ रुपए प्रति क्विंटल लगाया जा रहा कट

कुरुक्षेत्र: भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने प्रदेश में धान खरीद करने में घोटाले का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम खुला पत्र लिखा है। भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने इस पत्र में धान खरीद में कट लगाने और दूसरे प्रदेशों से धान मंगवाकर गोलमाल करने के आरोप लगाए हैं।
इस अनदेखी से लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द प्रदेश सरकार और सर्वोच्च अधिकारियों से बातचीत करवाने की मांग की है। उन्होंने यह खुला पत्र मुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता, संबंधित विभाग के मंत्री, सभी विपक्षी दलों के नेता, सभी उपायुक्त, खाद्य आपूर्ति विभाग के जिला अधिकारी और सभी मंडी अधिकारियों के लिए भी लिखा है।
उन्होंने पत्र में कहा कि प्रदेश में धान खरीद में कई सौ रुपए प्रति क्विंटल कट लगाया जा रहा है। खरीद एजेंसी मंडी से नदारद होती है और पूरी खरीद राइस मिलरों के इशारे पर चल रही है। राइस मिलरों और अधिकारियों ने ऐसी व्यवस्था खड़ी कर दी है, एक ही राइस मिलर आढ़ती से उठान करता है। उत्तर प्रदेश से भारी मात्रा में धान प्रदेश में पहुंच रहा है। इन ट्रकों के कागजातों में भी भारी हेरफेर नजर आ रहा है।