पैकेटबंद स्नैक्स को कहें ‘ना’, बच्चों के लिए घर पर 5 मिनट में बनाएं ये 5 आसान डिशेज

शाम होते ही बच्चों का मन कुछ न कुछ खाने का करने लग जाता है। ऐसे में बाजार में मिलने वाले पैकेटबंद स्नैक्स आसान ऑप्शन तो लगते हैं, लेकिन इनसे सेहत को नुकसान हो सकता है। ऐसे में आप घर पर भी कुछ हेल्दी स्नैक्स बना सकते हैं, जो आसानी से कम समय में बनाए जा सकते हैं।
दिनभर दौड़-भाग और पढ़ाई के बाद शाम का समय बच्चों की एनर्जी खत्म होने लगती है। ऐसे में एक पौष्टिक और स्वादिष्ट स्नैक्स उन्हें दोबारा एनर्जी से भर सकता है। मगर अक्सर माता-पिता के सामने यह चुनौती होती है कि ऐसा क्या बनाएं जो बच्चों को पसंद भी आए और सेहतमंद भी हो।
बाजार के पैकेटबंद और प्रिजर्वेटिव वाले स्नैक्स से अच्छा है कि घर पर ही कुछ ताजा और आसान बनाया जाए। आइए जानते हैं ऐसी ही 5 आसान और टेस्टी डिशेज के बारे में।
मिनी वेजीटेबल सैंडविच
यह एक क्लासिक और बेहद पसंद किया जाने वाला ऑप्शन है। इसे बनाना बेहद आसान है और बच्चे भी इसे चाव से खाते हैं।
बनाने का तरीका- ब्राउन ब्रेड या मल्टीग्रेन ब्रेड के छोटे-छोटे टुकड़े लें। उन पर हल्का मक्खन या हरी चटनी लगाएं। एक स्लाइस पर खीरा, टमाटर, शिमला मिर्च जैसी बारीक कटी हुई सब्जियां बिछाएं। ऊपर से थोड़ा-सा काला नमक और चाट मसाला डालें और दूसरी स्लाइस से ढक दें। आप चाहें तो इसमें पनीर या चीज़ भी डाल सकते हैं। इसे बच्चों की पसंद के अनुसार किसी भी शेप में कट कर सर्व करें।
मूंग दाल का चीला
चीला प्रोटीन और पोषण से भरपूर एक बेहतरीन स्नैक है। यह हल्का होता है और पचने में भी आसान होता है।
बनाने का तरीका- एक कटोरी मूंग दाल को 4-5 घंटे के लिए भिगो दें। फिर इसे पीसकर बिल्कुल बारीक पेस्ट बना लें। इसमें थोड़ा नमक, हल्का कटा प्याज, हरा धनिया और जीरा पाउडर मिलाएं। अब एक नॉन-स्टिक तवे पर थोड़ा सा तेल लगाकर इस मिश्रण को फैला लें। दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। इसे टमाटर सॉस या हरी धनिया की चटनी के साथ परोसें। यह बच्चों की हड्डियों और मांसपेशियों के लिए बहुत अच्छा है।
फ्रूट चाट
फल तो सेहत के लिए अच्छे होते ही हैं, लेकिन उन्हें थोड़े क्रिएटिव तरीके से परोसने पर बच्चे और भी ज्यादा एंजॉय करते हैं।
बनाने का तरीका- सेब, केला, नाशपाती, अनार, तरबूज जैसे मौसमी फलों को छोटे-छोटे क्यूब्स में काट लें। एक कटोरी में सभी फलों को मिलाएं। अब इसमें थोड़ा सा काला नमक, चाट मसाला और नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह मिक्स करें। इसे सीधे कटोरी में या फिर आइसक्रीम कोन में भरकर परोसें। इसका रंग-बिरंगा लुक बच्चों को जरूर आकर्षित करेगा।
पनीर टिक्का या पनीर पॉप्स
पनीर बच्चों की सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। इसे बनाने का यह तरीका बहुत ही मजेदार और टेस्टी है।
बनाने का तरीका- पनीर के छोटे-छोटे क्यूब्स लें। एक बाउल में दही, नमक, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और थोड़ी सी बारीक कटी शिमला मिर्च डालकर एक मैरिनेड तैयार कर लें। इसमें पनीर के क्यूब्स को अच्छी तरह कोट करके 15-20 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। फिर इन्हें पैन या ओवन में हल्का सा तेल लगाकर सेंक लें। आप इन्हें आइसक्रीम स्टिक में पिरोकर “पनीर पॉप्स” भी बना सकते हैं। इन्हें मिंट चटनी के साथ परोसें।
ओट्स और वेजीटेबल पैनकेक
ओट्स फाइबर से भरपूर होता है और बच्चों के पेट के लिए बहुत अच्छा होता है। इस पैनकेक को बनाकर आप उन्हें ओट्स का पोषण आसानी से दे सकते हैं।
बनाने का तरीका- एक कटोरी ओट्स का पाउडर लें। इसमें बारीक कटी हुई गाजर, बीन्स, हरा धनिया, एक अंडा (या अंडे की जगह दही), नमक और काली मिर्च पाउडर मिलाएं। थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। अब एक नॉन-स्टिक पैन पर हल्का तेल लगाकर इस मिश्रण को फैला दें। दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इसे केचप या दही के साथ गर्मागर्म परोसें।





