पूर्व CM उद्धव बोले- बीएमसी में हमारी पार्टी का महापौर सपना, ईश्वर की कृपा रही तो ऐसा ही होगा

महाराष्ट्र में निकाय चुनाव के नतीजों की घोषणा के बाद सबकी नजरें इस बात पर हैं कि हजारों करोड़ रुपये के सालाना बजट वाली महानगरपालिका- बीएमसी का अगला महापौर कौन बनेगा? इस सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि बीएमसी में हमारी पार्टी का महापौर बने, ये सपना है। अगर ईश्वर की कृपा रही तो ऐसा जरूर होगा।
महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों में चुनाव संपन्न कराए जा चुके हैं। नतीजों की घोषणा के बाद अब सबकी नजरें बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अगले मेयर यानी महापौर पर टिकी हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि बीएमसी में उनकी पार्टी- शिवसेना (यूबीटी) का महापौर बने, यह सपना है और अगर ईश्वर की कृपा हुई तो ऐसा जरूर होगा।
उद्धव का आरोप- भाजपा मुंबई को गिरवी रखने की ताक में है
शुक्रवार को निकाय चुनाव के नतीजों की घोषणा होने के बाद उद्धव ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते समय कहा, भाजपा मुंबई को गिरवी रखना चाहती है, उसने धोखे से चुनाव जीता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, मराठी मानुष इस पाप को माफ नहीं करेंगे।
सियासी हथकंडों का इस्तेमाल कर वफादारी नहीं खरीद सकते
उद्धव ने शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं से ये भी कहा कि भाजपा शिवसेना को जमीनी स्तर पर खत्म नहीं कर सकी है। उन्होंने बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के नतीजों की तरफ संकेत करते हुए कहा, तमाम हथकंडे अपनाने के बावजूद भाजपा शिवसेना के कार्यकर्ताओं की वफादारी नहीं खरीद सकती।





