पिछड़े गरीबों को अलग आरक्षण न मिला तो अलग से लड़ेंगे चुनाव : राजभर

रामलीला मेला मैदान में सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी व अन्य पिछड़ा वर्ग के सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें पहुंचे कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने केंद्र व प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए अन्य राजनीतिक दलों पर भी कटाक्ष किया। कहा कि अगर 24 फरवरी तक पिछड़े वर्ग के गरीबों को अलग से आरक्षण की व्यवस्था नहीं की जाती है तो उनकी पार्टी भाजपा के गठबंधन से अलग होकर सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 
कहा कि एक करोड़ 70 लाख प्राइमरी स्कूलों के गरीब बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर पढ़ाई करते हैं। तीन लाख 68 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं, शिक्षा व्यवस्था बिलकुल पटरी से उतर चुकी है। उनकी मांग है कि सभी 18 मंडलों में आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और पीपीएस जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए गरीबों को मुफ्त कोचिंग की व्यवस्था की जाए।
निघासन विधानसभा क्षेत्र का उम्मीदवार भी घोषित
सम्मेलन में अशर्फीलाल को निघासन में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का तालियां बजाकर स्वागत किया।





