पांच साल में 20 नए जल मार्ग, पटना-वाराणसी में जहाज मरम्मत सुविधा, हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का एलान

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यूनियन बजट 2026-27 के भाषण में बड़े बुनियादी ढांचा एलानों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में देश में 20 नए जल मार्ग शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही वाराणसी और पटना में जहाज मरम्मत सुविधा स्थापित की जाएगी, जिससे आंतरिक जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।
वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि समुद्री विमान के लिए वीजीएफ योजना की शुरुआत की जाएगी। आंतरिक जलमार्गों के उपयोग को बढ़ाने के लिए वाराणसी और पटना को विकसित किया जाएगा और वाटरवेज के इस्तेमाल हेतु प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
रेल अवसंरचना को लेकर भी अहम घोषणाएं की गईं। वाराणसी से सिलिगुड़ी तक हाई स्पीड ट्रेन कॉरिडोर बिहार से होकर गुजरेगा, जबकि दिल्ली से अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर राजस्थान से होकर जाएगा।
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने सात हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का एलान करते हुए बताया कि देश में छह हाई स्पीड रेल कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें मुंबई–पुणे, पुणे–हैदराबाद, हैदराबाद–चेन्नई, चेन्नई–बंगलूरू, दिल्ली–वाराणसी और वाराणसी–सिलीगुड़ी (बिहार के पटना से होकर) हाई स्पीड रेल कॉरिडोर शामिल हैं।





