पश्चिम बंगाल में नेशनल सिटिजन रजिस्टर को लेकर सियासी जुबान जंग हुई तेज…

पश्चिम बंगाल में नेशनल सिटिजन रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर सियासी जुबान जंग तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि बंगाल में सरकार बनने के बाद अवैध प्रवासियों को बाहर निकाला जाएगा.

विजयवर्गीय ने कहा कि हम जल्द ही संसद में नागरिक संशोधन विधेयक पेश करेंगे और इसके आधार पर एनआरसी पर जांच शुरू होगी. साथ ही उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पाकिस्तान और बांग्लादेश के हिन्दू रह सकेंगे और बाकी अवैध प्रवासियों को बाहर किया जाएगा.

बंगाल में भाजपा के रणनीतिकार विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी सरकार बंगाल में एनआरसी लागू करेगी और उसके बाद एक भी हिंदू को बंगाल नहीं छोड़ना पड़ेगा. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का नाम लिए बिना अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि कुछ पार्टियां और उनके नेता एनआरसी पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं.

विजयवर्गीय ने कहा कि ये लोग (टीएमसी नेता) एनआरसी के नाम पर लोगों के बीच डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि एनआरसी को लागू किया जाएगा लेकिन किसी भी हिंदू को देश नहीं छोड़ना होगा. प्रत्येक हिंदू को नागरिकता दी जाएगी.’

Back to top button