पर्यावरण प्रभाव आकलन के मसौदे पर बोले राहुल गांधी – ड्राफ्ट वापस ले सरकार

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पर्यावरण प्रभाव आकलन (ईआईए) के मसौदे को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए इस मसौदे को वापस लिया जाए। उन्होंने ट्वीट कर आरोप लगाया कि ईआईए-2020 के मसौदे का मकसद ‘देश की लूट’ है।
राहुल गांधी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, ‘यह एक और खौफनाक उदाहरण है कि भाजपा सरकार देश के संसाधन लूटने वाले चुनिंदा सूट-बूट वाले ‘मित्रों’ के लिए क्या-क्या करती आ रही है। उन्होंने कहा कि देश की लूट और पर्यावरण की तबाही को रोकने के लिए ईआईए-2020 का मसौदा वापस लिया जाना चाहिए।’
कांग्रेस नेता ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नए पर्यावरण प्रभाव आकलन (ईआईए) 2020 मसौदे के खिलाफ प्रदर्शन करें, क्योंकि यह खतरनाक है। अगर यह अधिसूचित होता है तो इसके दीर्घकालिक परिणाम विनाशकारी होंगे।
उल्लेखनीय है कि पर्यावरण मंत्रालय ने गत मार्च में ईआईए के मसौदे को लेकर अधिसूचना जारी की थी। साथ ही इस पर जनता से सुझाव भी मांगे थे। इसी को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया दी जा रही है।





