पति से अनबन के चलते तीन माह पहले चली आई थी मायके पिता ने खुद आग लगा जान देने की बात कही

लगभग तीन माह से मायके में रह रही विवाहिता का शव घर से कुछ दूर पर खेत में जला मिला। पिता ने पति से झगड़े के बाद मायके में रहने और बेटी द्वारा खुद आग लगा लेने की तहरीर थाने में देकर पोस्टमार्टम की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
सोहरामऊ थाना क्षेत्र के बल्लूखेड़ा निवासी पुत्तन ने अपनी बेटी रिशु का विवाह छह साल पहले लखनऊ निवासी शंकर के साथ किया था। पति से मनमुटाव के बाद उसका अलगाव हो गया, जिस पर पिता ने उसकी दूसरी शादी फरीदीपुर में कर दी। पति से अनबन के चलते तीन महीने से वह मायके में रह रही थी। शुक्रवार सुबह घर से कुछ दूर पर उसका जला हुआ शव मिला। शव देख गांव में सनसनी फैल गई। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस के अनुसार पिता ने बेटी के आत्महत्या करने की बात कही है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।





