जब पति ने कहा- मार ही डाल मुझे, इतना सुनते ही पत्नी ने कर दिया….

रीवा। तुम्हारे जिंदा रहते मेरा सही तरीके से बंटवारा नहीं हो सकता है, तो पति ने कहा कि तू मार ही डाल मुझे। इतना कहते ही पत्नी ने घर में रखा केरोसिन पति के ऊपर डालकर आग लगा दिया।

पति की चीख-पुकार सुनकर उसके घर के अन्य सदस्य और आसपास के लोग भी पहुंचे, लेकिन महिला ने किसी को घर के अंदर नहीं आने दिया। जिसके चलते वह बुरी तरह से जल गया था।
परिजन उसे इलाज के लिए त्योंथर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे एसजीएमएच के लिए रेफर कर दिया था। रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। पीएम के बाद शव पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आरोपी महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके पुलिस आरोपी महिला को अपनी कस्टडी में ले लिया है।
ये भी पढ़े: लड़का बेखौफ करता रहा अश्लील हरकत, लोग बनाते रहे वीडियो…
यह है घटना
सोहागी थाना के सोहललवा गांव निवासी वृन्दा साहू का (30) पिता भगवानदीन साहू पर उसकी 26 वर्षीय पत्नी सरोज देवी साहू ने मंगलवार की रात लगभग 8 बजे घर के अंदर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया था जिसकी अंतत: मौत हो गई।
इस घटना के बाद जहां आरोपी महिला पथराई आंखों से पति के शव के पास बैठकर उसे देखती रही वहीं महिला किसी से भी बात करने को तैयार नहीं थी। मृतक के छोटे भाई रामजेठ साहू की रिपोर्ट पर पुलिस आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
देवर से चाहती थी बंटवारा
आरोपी महिला सरोज देवी अपने पति से लगातार इस बात को लेकर दवाब दे रही थी कि वह देवर के आंगन से रास्ता चाहती है और उसमें दीवार खींचकर वह रास्ता बना दे। लेकिन उसकी बातों को पति यह कहकर टालता रहा कि घर में अभी शादी ब्याह का माहौल और नई बहू घर में आई है, इसे बाद में देखेंगे। इतना कहते ही महिला आग बबूली हो गई और उसने अपने पति को जिंदा जला दिया। हालांकि भगवानदीन साहू और उसके भाइयों का पूर्व में बंटवारा हो चुका है और महिला अलग घर में रहती है। लेकिन आंगन में बंटवारे को लेकर वह पति से विवाद कर रही थी।





