पक्के कलर को छुड़ाने के लिए एक्सपर्ट ने बताए प्राकृतिक उपाय, मिनटों में साफ होगा जिद्दी रंग

होली के बाद त्वचा पर लगे रंग कैसे छूटेंगे? यह सोचकर परेशान हो रहे हैं? यदि हां तो आप अकेले नहीं। ज्यादातर लोग होली खेलने से पूर्व ही इन बातों को सोचकर त्चचा की सेहत को लेकर चिंतित हो जाते हैं।

दरअसल, हर्बल रंगों के रंग खेलने पर इस तरह की आशंका नहीं होती पर यदि रंग केमिकल युक्त हों तो ऐसी चिंता स्वाभाविक है। आइए जानें इस बारे में प्रो. गरिमा श्रीवास्तव (अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली) से।

हालांकि, बाजार में रंग छुड़ाने के लिए कई फेशवाश, क्लींजर या माइश्चराइजर मिलते हैं पर यह आवश्यक नहीं कि इनसे रंग अच्छी तरह साफ हो जाएं और आपकी त्वचा की नमी भी बनी रहे।

विशेषज्ञों के अनुसार, रंगों के हानिकारक प्रभावों से बचाव के लिए होली के एक-दो दिन पूर्व ही तैयारी कर लेनी चाहिए पर यदि आप ऐसा नहीं कर पाए हैं तो भी परेशान न हों। आयुर्वेद के अनुसार, कुछ ऐसे प्राकृतिक उपाय हैं जो होली के पक्के रंग को भी हल्का करने में मदद करने के साथ त्वचा की सेहत के लिए भी बेहतर साबित हो सकते हैं।

बना लें सुरक्षा कवच
रंग खेलने की तैयारी का यह अहम अंग होना चाहिए। इसके लिए हाथ-पैर, गर्दन हर जगह जहां रंग लग सकते हैं, वहां नारियल तेल न हो तो सरसों तेल से अच्छी तरह मालिश कर सकते हैं। इससे त्वचा पर एक सुरक्षा कवच बन जाएगा और रंग लगने के बाद त्वचा पर होने वाले नुकसान को आप कमतर कर सकेंगे।

एलोवेरा-हल्दी का प्रयोग
त्वचा की देखभाल के लिए एलोवेरा जेल के साथ हल्दी मिलाकर लगाएं तो रंग छुड़ाने में आसानी हो सकती है। इससे रंगों के कारण त्वचा पर होने वाले नुकसान की आशंका भी कम करने में मदद मिल सकती है।

मुल्तानी मिट्टी और चंदन का लेप
त्वचा को सुरक्षित रखने का यह एक पुराना प्राकृतिक उपाय है। रंगों में इस्तेमाल होने वाले रसायन त्वचा को कम से कम नुकसान के लिए मुल्तानी मिट्टी और चंदन का लेप लगा सकते हैं।

दही व बेसन के लेप
इस उपाय का सबसे अच्छा पहलु यह है कि इससे रंग छूटने में मदद मिलने के साथ-साथ त्वचा की नमी बनाए रखना भी आसान हो जाता है। इस लेप को त्वचा पर दस से पंद्रह मिनट तक लगाए रख सकते हैं। इसके बाद इसे साफ पानी से धो लें।

यह है नेचुरल क्लींजर
यदि रंग गाढ़ा हो तो आपको त्वचा को नेचुरल क्लींजर माना जाने वाला कच्चे दूध का प्रयोग करना चाहिए।

बालों की बनी रहेगी चमक
यदि बालों में रंग अधिक लगे हैं तो अच्छा होगा रीठा, आंवला, शिकाकाई से उसे धो लें। प्रयास हो कि आप गुनगुने पानी से स्नान करें।

इन बातों का रखें ध्यान-
अधिक गर्म पानी से स्नान न करें, इससे त्चचा का रुखापन और बढ़ सकता है।
रंगों की सफाई के लिए स्क्रब का प्रयोग करने से त्चचा पर दाने, जलन या खरोंच लग सकती है।

Back to top button