पंजाब में मौसम का यू-टर्न: आंधी, ओलावृष्टि और बारिश, 17 जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट

पंजाब में मौसम में अचानक बदलाव आया है। जहां बीते कई दिनों से तेज धूप के साथ गर्मी लोगों को सता रही थी वहीं रविवार की सुबह आसमान में बादलों ने डेरा जमाया हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो पंजाब में इस हफ्ते लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं राजधानी चंडीगढ़ में भी बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को पंजाब में पहला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से रविवार व सोमवार को पंजाब में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और ओलावृष्टि के साथ बारिश पड़ेगी।
जिन जिलों के लिए ओरेंज अलर्ट जारी हुआ है उनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, एसबीएस नगर, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब, तरनतारन, बरनाला, फिरोजपुर, मोगा, संगरूर, पटियाला व लुधियाना शामिल हैं। इससे पंजाब के तापमान में आने वाले दिनों में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग के मुताबिक 17 मार्च को पंजाब में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से 18 मार्च से तीन दिन तक पंजाब में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। विभाग ने इन तीन दिनों के लिए पंजाब में यलो अलर्ट जारी कर दिया है। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में पंजाब में गर्मी से राहत रहेगी।
शनिवार को पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य से 3.3 डिग्री ऊपर बना हुआ है। सबसे अधिक 32.3 डिग्री का पारा रूपनगर का दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.8 डिग्री की कमी दर्ज हुई। यह अभी सामान्य से 2.9 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। सबसे कम 12.5 डिग्री का पारा होशियारपुर का दर्ज हुआ।
अमृतसर का अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री, लुधियाना का 31.2 डिग्री, पटियाला का 30.4 डिग्री, पठानकोट का 29.3 डिग्री, बठिंडा का 32.2 डिग्री, फिरोजपुर का 30.4 डिग्री, फाजिल्का का 30.1 डिग्री, होशियारपुर का 28.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 12.9 डिग्री, लुधियाना का 16.8 डिग्री, पटियाला का 15.6 डिग्री, पठानकोट का 13.9 डिग्री, बठिंडा का 14.0 डिग्री, फरीदकोट का 15.0 डिग्री, फिरोजपुर का 13.5 डिग्री, फाजिल्का का 16.6 डिग्री और रूपनगर का 14.7 डिग्री दर्ज हुआ।





