नेशनल पैंथर्स पार्टी जम्मू संभाग में नए टोल प्लाजा खाेलने के खिलाफ चलाएगी मुहिम

नेशनल पैंथर्स पार्टी जम्मू संभाग में नए टोल प्लाजा खाेलने के खिलाफ मुहिम चलाएगी। पार्टी ने कहा है कि टोल प्लाजा के नाम पर लोगों के साथ लूट खसोट को बर्दाश्त नही किया जाएगा।

पार्टी चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने जम्मू में एक के बाद एक नए टोल प्लाजा खोले जाने के लिए भाजपा को जिम्मेवार ठहराते हुए कहा है कि इस पार्टी ने जम्मू के हितों को दाव पर लगा दिया है। सिंह ने कहा है कि सरकार ने अगर जम्मू में नए टोल प्लाजा खाेलने की प्रक्रिया को बंद नही किया तो इसके खिलाफ पैंथर्स कार्यकर्ता सड़कों पर आ जाएंगे।

सोमवार सुबह गांधीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में नए कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा साथ मिलकर टोल प्लाजा खुलवा रही है। कभी इस पार्टी के नेता सांबा के सरोर में टाल प्लाजा नही बनने देते थे। आज यह पार्टी जम्मू संभाग में कठुआ जिले के लखनपुर व जम्मू जिले के अखनूर में टाेल प्लाजा खुलवा रही है। पहले से ही जम्मू में जरूरत से अधिक टोल प्लाजा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जम्मू जिले के बन टोल प्लाजा में जरूरत से ज्यादा टोल लिए जाने के मसले पर भी खामोश है।

वहीं जम्मू जिले के विभिन्ना हिस्सों की गई महिला कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए हर्षदेव सिंह ने कहा कि पैंथर्स पार्टी में आकर उन्हें लोगों के मुद्दों को उजागर करने के लिए आजादी मिलेगी। भाजपा व अन्य पार्टियां लोगों को गुमराह करने के सिवा कुछ नही करती है।

वहीं समर्थकों समेत पैंथर्स में आई अनीता चौधरी ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में लोगों को महंगाई, बेरोजगारी के सिवा कुछ नही मिला है। इस पार्टी ने लाेगाें का समर्थन हासिल करने के बाद उन्हें गुमराह कर दिया। उन्हाेंने विश्वास दिलाया कि वह पैंथर्स को मजबूत बनाने में हर संभव सहयोग देंगी। अनीता चौधरी के साथ पैंथर्स पार्टी में शामिल होने वालों में सीमा राजपूत, अनीता भगत, रीता देवी, शालू, स्वर्णलता, ज्याेति चौधरी व सीता देवी मुख्य थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button