नेपाल में माउंट एवरेस्ट से इकट्ठा किया गया 11 टन कचरा , शव भी किए बरामद

नेपाल सरकार ने सोमवार को माउंट एवरेस्ट पर सफाई अभियान पूरा कर लिया और कहा कि उसने लगभग 11 टन कचरा हटाया है, जो दशकों से चोटी पर पड़ा हुआ था. यह सफाई अभियान बीच अप्रैल में शुरू किया गया था और इसमें ऊंची चढ़ाई में माहिर 12 शेरपाओं की एक विशिष्ट टीम शामिल थी. इस टीम ने एक महीने से अधिक समय में पूरे कचरे को हटाया.

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, नेपाल के पर्यटन विभाग के महानिदेशक डांडू राज घिमिरे ने कहा, “कचरे के अलावा उन्होंने माउंट एवरेस्ट के ऊंचाई पर बने कैंप से चार शव भी बरामद किए, जिन्हें पिछले सप्ताह काठमांडू लाया गया.” घिमिरे के मुताबिक, सफाई अभियान में लगभग 2.30 करोड़ रुपए की लागत आई. उन्होंने कहा कि चीन ने भी दुनिया के सबसे ऊंची चोटी के उत्तरी हिस्से की सफाई के लिए इसी तरह का अभियान लांच किया है.

घिमिरे ने कहा, “अंतरराष्ट्रीय समुदाय की तरफ से हमेशा चिंता जताई जाती रही है कि नेपाल ने एवरेस्ट की सुंदरता को बनाए रखने को लेकर कोई गंभीरता नहीं दिखाई है. सगरमाथा प्रदूषण नियंत्रण समिति के अध्यक्ष आंग दोरजी शेरपा ने कहा कि एवरेस्ट बेस कैंप और ऊंचाई पर बने कैंप से लगभग सात टन कचरा हटाया है. उन्होंने कहा कि बाकी चार टन कचार लुकला और नामचे बाजार गांवों से हटाया गया है. दोनों गांवों को एवरेस्ट का द्वार माना जाता है.

Back to top button