नेपाल-चीन की सीमा पर बाढ़ ने मचाई तबाही, उफनाई नदी में बह गया ‘मैत्री ब्रिज’; 18 लोग लापता

मानसून की एंट्री के बाद न सिर्फ भारत बल्कि नेपाल के भी कई इलाकों में बारिश से त्राहिमाम मच गया है। नदियों ने विकराल रूप धारण कर लिया है, जिससे कुछ जगहों पर बाढ़ के हालात बन गए हैं। इसका असर नेपाल और चीन की सीमा पर भी देखने को मिल रहा है।

दरअसल नेपाल और चीन के बीच बना मैत्री सेतु भी बाढ़ की भेंट चढ़ गया है। पानी के तेज बहाव में न सिर्फ पुल ढह गया बल्कि 18 लोग भी इसमें बह गए हैं।

भोटेकोशी नदी में बहा ब्रिज
मैत्री पुल नेपाल और चीन को कनेक्ट करने वाला मुख्य ब्रिज था। भोटेकोशी नदी पर बना यह पुल नेपाल के रसुवा जिले को चीन से जोड़ता था। हालांकि, भारी बारिश के कारण भोटेकोशी नदी में बाढ़ के हालात बन गए। बीती रात तकरीबन 3:15 बजे पुल भी बाढ़ में बह गया।

18 लोग लापता
नेपाल की राजधानी काठमांडू से महज 120 किलोमीटर की दूरी पर बने इस पुल के साथ ही 18 लोग भी तेज बहाव की भेंट चढ़ गए। इनमें 12 नेपाली और 6 चीनी नागरिक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी 18 लोग अभी लापता है और उनकी खोज की जा रही है।

बाढ़ ने नेपाल में बरपाया कहर
रसुवा के मुख्य जिला अधिकारी अरुण पौडेल के अनुसार, नदी में आई बाढ़ से नेपाल को काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगह पर जाने के निर्देश दिए हैं। नेपाली सेना और पुलिस मिलकर 18 लापता लोगों की तलाश कर रही है।

चीन में भारी बारिश से उफनाई भोटेकोशी नदी
बता दें कि भोटेकोशी नदी चीन के रास्ते नेपाल में आती है। नेपाल और चीन को जोड़ने के लिए इसी नदी पर पुल बनाया गया था। हालांकि, चीन के हिमायली क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भोटेकोशी नदी अचानक खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी। बीती रात उफान पर आई यह नदी मैत्री पुल को भी अपने साथ बहा ले गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button