निराश और उदास होने की जरूरत नहीं, बल्कि यह समय जनता के हितों को लेकर संघर्ष करने का है….

समाजवादी पार्टी की बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री विनोद कुमार उर्फ पंडित सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहाकि निराश और उदास होने की जरूरत नहीं है, बल्कि यह समय जनता के हितों को लेकर संघर्ष करने का है। कहा कि 2022 में उनकी सरकार बनेगी। बूथ से लेकर जिले तक संगठन के साथ कार्यकर्ताओं व समर्थकों को सहेजने की जरूरत है।
सिचाई डाक बंगले में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष एमएलसी महफूज खां तथा संचालन पार्टी उपाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने किया।
पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहाकि इतिहास गवाह है कि समाजवादी पार्टी संघर्ष के मामले में हमेशा आगे रही है। सपा सरकार किसी संगठन व पदाधिकारी की नहीं, बल्कि आम कार्यकर्ताओं की होगी। पूर्व विधायक रामप्रताप सिंह, बैजनाथ दूबे, रामबिशुन आजाद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका तो वह सब सरकार के खिलाफ एक मजबूत लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने सपा शासन की उपलब्धियों को गिनाते हुए मौजूदा भाजपा सरकार की कमियों को बताया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सपा के प्रदेश सचिव ओंकार पटेल मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के संदेशों को कार्यकर्ता घर-घर व गांव-गांव पहुंचाएं। जितेंद्र नाथ, डॉ. आसिफ परवेज, हेमंत सिंह, वकार खां, राम सबूरे मिश्र, जेपी श्रीवास्तव, विद्या भूषण द्विवेदी, श्रीकांत दुबे, फहीम अहमद, रामनरायन यादव, हरीराम यादव, संजय, शुएब आदि मौजूद रहे।





