निधि खर्च करने में फिसड्डी बने सांसद, RTI में हुआ खुलासा

देहरादून: लोकसभा सांसदों का कार्यकाल समाप्त होने को कुछ ही माह शेष हैं और अब तक करीब 40 फीसद सांसद निधि जारी होना बाकी है। इसकी बड़ी वजह है कि पूर्व में जारी निधि के खर्च का उपयोगिकता प्रमाण पत्र जारी करने के बाद भी आगे की निधि जारी की जाती है। सांसद निधि के खर्च की यह स्थिति आरटीआइ कार्यकर्ता व अधिवक्ता नदीमउद्दीन की ओर से मांगी गई जानकारी में सामने आई।

आरटीआइ की जानकारी के मुताबिक, सांसदों को अब तक मिलने योग्य करीब 112 करोड़ रुपये में से सिर्फ 67.5 करोड़ रुपये ही मिल पाए हैं। वहीं, खर्च की बात करें तो प्राप्त बजट में से भी 21 करोड़ रुपये से अधिक शेष हैं। खर्च के हिसाब से उपलब्ध राशि की बात करें तो सर्वाधिक निधि नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद भगत सिंह कोश्यारी को 20 करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं।

जबकि दूसरे स्थान पर हरिद्वार क्षेत्र के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक को करीब 15 करोड़ रुपये, तीसरे स्थान पर टिहरी सांसद राज्य लक्ष्मी शाह को 12.5 करोड़, अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा व पौड़ी सांसद भुवन चंद्र खंडूड़ी को 10-10 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए हैं। दूसरी तरफ, खर्च की बात करें तो 30 फीसद बजट अभी भी बचा है। उधर, इससे पहले के लोकसभा सांसदों के 5.33 करोड़ रुपये खर्च होने को शेष हैं। 
खर्च की रफ्तार में सांसद

टिहरी सांसद, 51 फीसद
पौड़ी सांसद, 60 फीसद
अल्मोड़ा सांसद, 74 फीसद
नैनीताल सांसद, 77 फीसद
हरिद्वार सांसद, 81 फीसद

Back to top button