नागरिकता कानून के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन, कॉलिंग- इंटरनेट सब बंद

नई दिल्‍ली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर देश में आज चारों तरफ बवाल मचा हुआ है। दिल्‍ली, मुंबई, पंजाब, उत्‍तर प्रदेश, कोलकाता, केरल, कर्नाटक के अलावा अन्‍य कई राज्‍यों में इस कानून का जमकर विरोध किया जा रहा है।

आपको बता दें कि लेफ्ट पार्टियों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। प्रदर्शन को देखते हुए देश के कई हिस्सों में धारा 144 लगाई गई है। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक के कई हिस्सों में बड़े प्रदर्शन की संभावना है।

नागरिकता कानून को लेकर दिल्ली में जारी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने आज दिल्ली के 15 स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने लाल किले के आसपास धारा 144 लागू कर दी है। यहां पर लेफ्ट पार्टियों का मार्च प्रस्तावित था। यह मार्च दिल्ली के लाल किला से लेकर आईटीओ स्थित शहीद भगत सिंह पार्क तक आयोजित होनी थी। लेकिन पुलिस लोगों को यहां जुटने से रोकने का प्रयास कर रही है। इस बीच लोगों की भारी लाल किले पर जुटने लगी है।

वहीं दिल्ली में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, उमर खालिद समेत कई बड़े नेताओं को हिरासत में ले लिया गया है। सभी नेता नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। इससे पहले बेंगलुरु में रामचंद्र गुहा, लालकिला क्षेत्र में योगेंद्र यादव को भी हिरासत में ले लिया गया था।

ऊधर उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नागरिक संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन को लेकर केडी सिंह बाबू मेट्रो स्टेशन बंद कराया गया है। शाम 5 बजे तक ये मेट्रो स्टेशन बंद रहेगा। दरअसल परिवर्तन चौक पर आज आइसा समेत तमाम संगठनों ने प्रदर्शन की तैयारी की है। ऐसे में परिवर्तन चौक पर प्रदर्शनकारी न आ पाएं, इसे देखते हुए ये मेट्रो स्टेशन बंद किया गया है।

वहीं विरोध प्रदर्शन पर प्रियंका गांधी ने ट्टवीट किया कि मेट्रो स्टेशन बंद हैं। इंटरनेट बंद है। हर जगह #Section144 है। किसी भी जगह आवाज उठाने की इजाजत नहीं है। जिन्होंने आज टैक्सपेयर्स का पैसा खर्च करके करोड़ों का विज्ञापन लोगों को समझाने के लिए निकाला है, वही लोग आज जनता की आवाज से इतना बौखलाएं हुए हैं कि सबकी आवाजें बंद कर रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button