दोस्त न होना कोई कमी नहीं, बल्कि खुद को पहचानने का मौका है…

अगर किसी का कोई पक्का दोस्त न हो, तो उसे अक्सर इस नजरिए से देखा जाता है जैसे उसमें कोई कमी हो, लेकिन मनोविज्ञान इस पुरानी सोच को सिरे से खारिज करता है। जी हां, सच तो यह है कि अकेलेपन का मतलब हमेशा उदासी या कमजोरी नहीं होता, बल्कि यह खुद को एक नए और मजबूत रूप में ढालने का शानदार अवसर हो सकता है।

इस आर्टिकल में आप यथार्थ हॉस्पिटल्स, नोएडा क साइकियाट्रिस्ट- डॉ. सामंत दर्शी से कुछ ऐसे कारणों के बारे में जानेंगे, जो बताते हैं कि कैसे करीबी दोस्तों का न होना आपके लिए एक वरदान साबित हो सकता है।

जिम्मेदारी से जन्म लेता आत्मविश्वास
जब आपके पास हर छोटी-बड़ी बात पर सलाह देने के लिए दोस्त नहीं होते, तो आपको अपनी नौकरी, रिश्तों और जीवन की दिशा से जुड़े अहम फैसले खुद लेने पड़ते हैं। बता दें, अपने फैसलों पर खुद टिके रहने की यह आदत आपके आत्मविश्वास को उस स्तर तक ले जाती है, जो दूसरों की वाहवाही पर निर्भर नहीं होता, बल्कि आपकी अपनी जिम्मेदारी पर टिका होता है।

भावनात्मक रूप से अटूट बनना
दुख के समय जब तुरंत कोई सांत्वना देने वाला नहीं होता, तो इंसान अपनी तकलीफ को खुद महसूस करना और उससे बाहर आना सीखता है। शोध बताते हैं कि जो लोग बिना किसी बाहरी सहारे के अपनी भावनाओं का सामना करते हैं, वे मानसिक रूप से ज्यादा मजबूत होते हैं। वे यह समझ जाते हैं कि दर्द जीवन का हिस्सा है, जो आता है, कुछ पल ठहरता है और फिर बीत जाता है।

नहीं पड़ती दिखावे की जरूरत
दोस्तों के ग्रुप में बने रहने के लिए अक्सर हमें उनके हिसाब से चलना पड़ता है- जैसे न चाहते हुए भी हंसना या बेवजह की बहस से बचने के लिए अपनी राय छिपाना। अकेले होने पर आपको न तो ‘मजाकिया’ बनने का चोला पहनना पड़ता है और न ही ‘हर वक्त समझदार’ दिखने का। इस खालीपन में आपकी असल पसंद-नापसंद सामने आती है और आप बिना किसी दिखावे के जी पाते हैं।

आत्मनिर्भरता की बेहतरीन ट्रेनिंग
बिना किसी साथी के अकेले यात्रा करना, सिनेमा देखना या रेस्टोरेंट में खाना खाना शुरुआत में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन कुछ समय बाद यह डर खत्म हो जाता है। जब कोई हर बात पर आपको सही या गलत बताने वाला नहीं होता, तो आप खुद से सवाल करते हैं और आत्ममंथन करते हैं। यही प्रक्रिया आपको एक आत्मनिर्भर इंसान बनाती है।

कुल मिलाकर, तन्हाई का समय आपसे कुछ छीनने के बजाय आपको बहुत कुछ देकर जाता है। यह एक ऐसा समय है जब आप अपनी अंतरात्मा की आवाज को स्पष्ट रूप से सुन सकते हैं और खुद को भीतर से एक मजबूत इंसान बना सकते हैं।

Back to top button